समस्तीपुर में चकोटी मठ की पौराणिक मूर्ति समेत छह प्राचीन मूर्तियां बरामद, तीन चोर गिरफ्तार

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध महामंडलेश्वर 24 अवतार धाम चकोटी मठ में विगत 12 जुलाई की रात हुई सनसनीखेज चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। बुधवार की शाम एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से मंदिर के गर्भगृह से चोरी की गई भगवान की छह प्राचीन मूर्तियां, दानपात्र की नगदी तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपितों ने समस्तीपुर और दरभंगा जिले के कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बता दें कि 12 जुलाई की रात चोरों ने खानपुर थाना क्षेत्र के महामंडलेश्वर 24 अवतार धाम चकोटी मठ के गर्भगृह का ताला तोड़कर भगवान श्रीरामलला, भगवान श्रीराम, माता जानकी, श्रीलक्ष्मण, लड्डू गोपाल एवं श्रीहनुमान की छह मूर्तियां चोरी कर ली थीं। इसके साथ ही दानपात्र में रखी नकदी और अन्य पूजा सामग्री भी लेकर फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। मंदिर के पुजारी महंत राम सेवक दास शास्त्री के आवेदन पर खानपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट निवासी लक्ष्मी महतो के पुत्र नंदकिशोर महतो (40 वर्ष), बुच्चु साह के पुत्र छोटू कुमार (22 वर्ष) और राम प्रकाश महतो के पुत्र गुड्डू कुमार (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।


गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई भगवान की सभी छह मूर्तियां सुरक्षित बरामद कर लीं। इसके अलावा दानपात्र से चोरी किए गए 400 रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कई अहम खुलासे किए। उन्होंने स्वीकार किया कि हाल के दिनों में समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम, हथौड़ी और खानपुर थाना क्षेत्रों के मंदिरों के अलावा दरभंगा जिले के बहेड़ी और बिरौल थाना क्षेत्रों के कई मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न मंदिरों से चोरी की गई पीतल की घंटियां, पूजा सामग्री, पीतल के बर्तन तथा अन्य धार्मिक सामान भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इनके विरुद्ध समस्तीपुर, बेगूसराय और सीतामढ़ी जिलों के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, अवैध हथियार बरामदगी सहित कई संगीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है। एसपी ने बताया कि यह गिरोह सुनसान और कम सुरक्षा वाले मंदिरों को निशाना बनाकर देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के बाद धार्मिक मूर्तियों और पूजा सामग्री को ठिकाने लगाने की भी योजना बनाई जाती थी, लेकिन एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हो गया।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह का संबंध किसी बड़े अंतरजिला या अंतरराज्यीय मूर्ति तस्कर नेटवर्क से तो नहीं है। एसपी का कहना है कि मामले में आगे भी कई खुलासे होने की संभावना है। फरार चल रहे अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी जारी है।
मुख्यमंत्री भी उद्घाटन समारोह में हुए थे शामिल :
गौरतलब है कि 24 जून को इसी मठ में आयोजित 24 अवतार धाम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पूजा-अर्चना की थी और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इतने अहम धार्मिक स्थल पर हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
खानपुर के 'अवतार धाम चकोटी मठ' से चोरी हुई सभी 6 मूर्तियां बरामद; 3 अपराधी गिरफ्तार, कई और मंदिरों में भी चोरी कर चुका है यह गिरोह#Samastipur #news pic.twitter.com/eOPmzgL41g
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 22, 2026



