समस्तीपुर के जितवारपुर टीम ने बेगूसराय को 2-1 से हराकर जीता ‘द उम्मीद कप – 2026’ का खिताब
समस्तीपुर : समस्तीपुर कॉलेज मैदान में मंगलवार को द उम्मीद कप 2026 बिहार स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन हुआ। THE UMEED एवं नीरव स्पोर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 22 जुलाई तक आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे के प्रति जागरूक करना तथा फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “Kick Out Drugs, Kick In Dreams” रही।
फाइनल मुकाबले में जितवारपुर (समस्तीपुर) ने बेगूसराय को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच के पहले हाफ में बेगूसराय ने गोल कर बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में जितवारपुर की ओर से आकाश आर्य ने बराबरी का गोल दागा। इसके बाद गुड्डू ने निर्णायक गोल कर टीम को 2-1 की रोमांचक जीत दिलाते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि 12 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि खेल नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

समारोह में जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रिजू, समस्तीपुर कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. महेश कुमार चौधरी, सेनको के मैनेजर अनिरुद्ध सिंह, माउंट लिट्रा जी स्कूल के निदेशक अमित सिंह, राजस्थान स्वीट्स के संचालक प्रकाश भारतीया, आलोक कुमार, सूबेदार मेजर राजेश सिंह, नीरव स्पोर्ट्स के संचालक नीरव कुमार तथा THE UMEED के संस्थापक अमरजीत कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। THE UMEED के संस्थापक अमरजीत कुमार ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने वाला सामाजिक अभियान है। वहीं नीरव स्पोर्ट्स के संचालक नीरव कुमार ने भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


