बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड मामले में बोकारो जेल से दो कैदी को 72 घंटो के रिमांड पर लाया गया समस्तीपुर

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर मोहल्ला स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में पिछले वर्ष हुए चर्चित लूटकांड की जांच में नगर थाना पुलिस ने झारखंड के बोकारो जेल में बंद दो कुख्यात बदमाशों को 72 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी बैंक से करीब 15 लाख रुपये नगद और 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने की लूट में शामिल थे। रिमांड पर लाए गए आरोपियों में पटना निवासी राहुल पटेल उर्फ डायमंड और पश्चिमी चंपारण निवासी रौशन सिंह शामिल हैं।
दोनों फिलहाल झारखंड के बोकारो जेल में बंद थे। वे बोकारो के चास थाना क्षेत्र में 23 जून 2025 को आस्था ज्वेलर्स में हुई करीब 5 करोड़ रुपये के आभूषण एवं नगदी लूट मामले में गिरफ्तार किए गए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, समस्तीपुर की घटना के बाद दोनों बदमाशों ने अन्य राज्यों में भी कई बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम दिया। अब समस्तीपुर पुलिस दोनों से पूछताछ कर इस लूटकांड में उनकी भूमिका, अन्य फरार आरोपियों और लूटे गए सोने के ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


गौरतलब है कि 7 मई 2025 को दिनदहाड़े आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद अपराधियों ने नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में धावा बोल दिया था। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर करीब 15 लाख रुपये नकद तथा 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना लूट लिया था। लूटा गया अधिकांश सोना बैंक में गोल्ड लोन के तहत ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया था।

इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड में पुलिस अब तक मास्टरमाइंड रमेश झा, दीपक कुमार उर्फ दीपक मुंशी, कर्मवीर उर्फ धर्मवीर समेत 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब बोकारो जेल से रिमांड पर लाए गए दोनों बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस को इस बहुचर्चित मामले में और अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। बता दें कि लूट का बड़ा हिस्सा अब भी पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि बोकारो जेल से दो कैदी को 72 घंटे के रिमांड पर लाया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।




