Samastipur

आज बिहार बंद को लेकर होने वाले प्रदर्शन से पहले प्रशासन अलर्ट, पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात; QRT सक्रिय, दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ जवान तैयार

समस्तीपुर : देशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन और बिहार में छात्रों के आंदोलन को देखते हुए समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। शुक्रवार को प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन और शनिवार को घोषित बिहार बंद को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा रेल प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। कलेक्ट्रेट, प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन किसी भी स्थिति में हिंसा, तोड़फोड़ या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

देर रात हुई ऑनलाइन आपात मिटिंग :

इससे पहले गुरुवार की देर रात डीएम और एसपी ने जिले के सभी एसडीओ, एसडीपीओ, डीएसपी, बीडीओ, सीओ तथा सभी थाना प्रभारियों के साथ आपात ऑनलाइन बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में संभावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई और सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, हर थाना अलर्ट मोड पर :

जिले की कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा थानाध्यक्षों को लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस लाइन में जवानों को दंगा नियंत्रण का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें टीयर गैस छोड़ने, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और अन्य आधुनिक दंगा-रोधी उपकरणों के उपयोग का अभ्यास कराया जा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

रेलवे स्टेशन और ट्रेनों पर विशेष निगरानी :

शनिवार को प्रस्तावित बिहार बंद और संभावित छात्र आंदोलन को देखते हुए रेलवे प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। आरपीएफ, जीआरपी और इंटेलिजेंस ब्रांच को विशेष अलर्ट पर रखा गया है। समस्तीपुर जंक्शन से पटना, दिल्ली सहित अन्य स्थानों के लिए जाने वाले संभावित छात्र समूहों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा हर गतिविधि की सूचना लगातार वरीय अधिकारियों को भेजी जा रही है।

सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर, सिविल ड्रेस में पुलिस तैनात :

मुख्यालय के निर्देश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन अफवाह फैलाने वाले, भड़काऊ पोस्ट करने वाले तथा गलत सूचना प्रसारित करने वाले लोगों पर विशेष नजर रख रहा है। इसके साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा रही है।

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में स्टैटिक फोर्स की तैनाती के साथ पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने और हर स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैयार रखा गया है। इसके अलावा सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और प्रशासन इसमें किसी प्रकार की बाधा नहीं डालेगा। लेकिन यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, हिंसा फैलाने, सरकारी अथवा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या अफवाह फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे दिन संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर प्रशासन की विशेष निगरानी बनी रहेगी। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है।

पुलिस लाइन से 125 जवान सुरक्षा ड्यूटी पर रवाना :

लाइन डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पुलिस लाइन से करीब 125 पुलिस जवानों को जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा ड्यूटी के लिए रवाना किया गया। पुलिस लाइन से निकले जवानों को कलेक्ट्रेट, प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। सभी जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी अप्रिय स्थिति से सतर्कता के साथ निपटने तथा वरीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

वीडियो :

Avinash Roy

Recent Posts

पूसा के हरपुर भुसकौल चौक पर बदमाशों ने की हवाई फायरिंग, 5 की संख्या में थे बदमाश

समस्तीपुर/पूसा : समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर भुसकौल चौक के निकट शुक्रवार…

2 घंटे ago

समस्तीपुर में शिक्षकों के लिए बड़ी राहत! बढ़े हुए HRA का रास्ता साफ, शिक्षा विभाग ने शुरू की कार्रवाई

समस्तीपुर : नगर निगम समस्तीपुर सीमा के आसपास स्थित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए…

3 घंटे ago

संदिग्ध मौत के आरोपी को बाजार में देख भड़के परिजन, बनाया बंधक; मृतक ने दोस्त की पत्नी से कर ली थी शादी

समस्तीपुर : दोस्त की पत्नी के साथ कथित तौर पर विवाह कर रहने वाले नगर…

3 घंटे ago

पेपर लीक व लाठीचार्ज के विरोध में आइसा के नेतृत्व में दलसिंहसराय में हुआ प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : पेपर लीक की लगातार हो रही घटनाओं और छात्र आंदोलन पर हुए कथित…

3 घंटे ago

नई सरकार के गठन के 100 दिनों की उपलब्धियों के कार्यक्रम की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

समस्तीपुर : नई सरकार के गठन के 100 दिनों की उपलब्धियों पर शनिवार को आयोजित…

13 घंटे ago

शहर के कृष्णा टॉकीज के पास 11 केवी विद्युत लाइन का तार बदलने के कार्य को लेकर कल 5 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

समस्तीपुर : शहर के कृष्णा टॉकीज के पास 11 केवी विद्युत लाइन का तार बदलने…

14 घंटे ago