विश्व रक्तदाता दिवस पर समस्तीपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, 56 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

समस्तीपुर : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर ग्रामीण रक्तदान संघ, एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (बिहार चैप्टर) एवं सेव ह्यूमैनिटी के संयुक्त प्रयास से मूसापुर, वार्ड संख्या-28 और समस्तीपुर बाजार रामबाबू चौक समस्तीपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सक राम जानकी मेडिकल कॉलेज के पूर्व अधीक्षक डॉ. जी.सी. कारण ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है और समाज में आपसी सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। शिविर में कुल 56 रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया। रक्त संग्रहण का कार्य सृष्टि ब्लड सेंटर, बेगूसराय और रेड क्रॉस समस्तीपुर की टीम द्वारा किया गया। जहां सुरक्षित प्रक्रिया के तहत रक्त एकत्रित कर जमा किया गया। ग्रामीण रक्तदान संघ के सचिव विशाल कुमार ने उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व, इसकी प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। इस अवसर पर ग्रामीण रक्तदान संघ के उपाध्यक्ष अंशु कुमार ने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक रोहित कुमार और विश्वनाथ शर्मा ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण रक्तदान संघ भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। विजय शर्मा, आलोक सिंह, सूरज साह, सिद्धार्थ साहू, हरिनारायण पंडित, राजकुमार शर्मा, अमन कुमार, रौशन राज, मनीष कुमार, आशीष रमन, दीपू सिंह, विजय सिंह, अजय कुमार संजय साह, विश्वनाथ कुमार, नीरज झा, शिवम कुमार, राहुल कुमार, रुपेश कुमार, अखिलेश कुमार, सोनू कुमार अन्यों ने अपना रक्तदान किया।



