समस्तीपुर में 266 प्रशिक्षु सिपाहियों का पासिंग आउट परेड समारोह संपन्न, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित, DIG ने दिया ईमानदारी और संवेदनशीलता का मंत्र

समस्तीपुर : पुलिस लाइन में सोमवार को दरभंगा जिला बल के 266 प्रशिक्षु सिपाहियों के एक वर्षीय प्रशिक्षण पूर्ण होने पर भव्य पासिंग आउट परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मिथिला प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा व एसपी अरविंद प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें ईमानदारी, अनुशासन तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का संदेश दिया।
परेड में प्रशिक्षु सिपाही शिवम कुमार तिवारी को प्रथम परेड कमांडर तथा रविकांत कुमार को द्वितीय परेड कमांडर का दायित्व निभाने का गौरव प्राप्त हुआ। विभिन्न प्लाटूनों का नेतृत्व देवव्रत तिवारी, शिवम कुमार, जय प्रकाश कुमार, अभिजीत कुमार चंचल, सूरज कुमार, बिरेंद्र कुमार, राजा राम यादव, अभिषेक एवं दीपक कुमार ने किया। वहीं गौरव कुमार ने परेड बैंड का नेतृत्व किया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों एवं प्रशिक्षकों को पुरस्कार एवं सम्मान भी प्रदान किए गए।

देवव्रत तिवारी को बेस्ट ड्रिल टर्न आउट अवार्ड, सूरज कुमार को बेस्ट प्लाटून कमांडर अवार्ड, जबकि राहुल उरांव एवं सिंधु कुमार को श्रेष्ठ अनुशासन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा अभिषेक कुमार को बेस्ट वाद्य यंत्र पुरस्कार दिया गया। प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के योगदान की भी सराहना की गई। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं को बिहार पुलिस की गरिमा बनाए रखते हुए समाज सेवा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया। पासिंग आउट परेड के साथ ही 266 प्रशिक्षु सिपाही अब विधिवत रूप से पुलिस सेवा के लिए तैयार हो गए हैं।

डीआईजी ने सिखाया जीवन का मूलमंत्र :
डीआईजी ने जवानों को जीवन का मूलमंत्र सीखाते हुए कहा कि आप स्वभाव में नम्रता जरुर रखिएगा। थाना आए जरुरतमंदों के साथ संवेदनशील तथा नम्र रहिएगा। उन्होंने जवानों को हमेशा अनुशासन में रहने तथा ईमानदारी कभी नहीं छोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब आपके जीवन में परेशानी आएगी तो आप 11 महीने के प्रशिक्षण सहित जब आप पुलिस की नौकरी की तैयारी कर रहे थे उस दिन को याद करिएगा। आप अच्छा कीजिएगा तब आपके परिजन गर्व महसूस करेंगे। आपको हम आपके उज्जवल भविष्य के लिए बधाई देते हैं।

प्रशिक्षण में जवानों ने बाढ़, अगलगी, भूकंप, आपदा में राहत कार्य से लेकर विधि-व्यवस्था संधारण तक की चुनौती से निपटने की गुर सीखे है। साथ प्राथमिक उपचार सहित सांप, बिच्छू काटने पर बचाव को लेकर प्रशिक्षण दिया गया है। मौके पर डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, लाइन डीएसपी सुनील कुमार, मुख्यालय डीएसपी केके दिवाकर, सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय, साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक, जेलर प्रशांत कुमार ओझा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल होकर जवानों का हौसला अफजाई किया।
वीडियों :
समस्तीपुर पुलिस केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों का दीक्षांत पारण परेड का हुआ आयोजन, एक साल की कड़ी ट्रेनिंग पूरी कर 266 जवान बने बिहार पुलिस का हिस्सा#Samastipur #news pic.twitter.com/qKLSsNyCQR
— Samastipur Town (@samastipurtown) June 22, 2026


