समस्तीपुर जिले में आज सात केंद्रों पर होगी नीट-यूजी की परीक्षा, जिला प्रशासन की तैयारी पूरी
समस्तीपुर : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट-यूजी परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन और परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश और जांच प्रक्रिया का जायजा लिया गया।प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट घड़ी, कैलकुलेटर अथवा अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाए। इसके लिए प्रवेश द्वार पर सघन जांच की व्यवस्था की गई है।
जिले में परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आरएसबी इंटर स्कूल, श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय जितवारपुर, तिरहुत एकेडमी, आरएनएआर कॉलेज, बीआरबी कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय ईसीआर तथा समस्तीपुर कॉलेज शामिल हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।इधर, एनटीए ने स्पष्ट किया है कि नीट-यूजी परीक्षा निर्धारित समय पर ही आयोजित होगी। परीक्षा में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं तथा सभी केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

