गोलीकांड व अपहरण मामले के दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाने की पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिलौत गांव निवासी बहादुर सहनी का पुत्र श्रवण कुमार तथा चकनूर निवासी श्रवण राय का पुत्र मिथुन कुमार शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार गत वर्ष दिसंबर में थाना क्षेत्र के सिलौत गांव में हुए गोलीकांड मामले में आरोपी था। भू-विवाद को लेकर हुई इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। वहीं, मिथुन कुमार को एक नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने मुफस्सिल थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

