समस्तीपुर में 77 दिनों तक चलेंगे HIV जांच शिविर, 154 कैंप लगाने की तैयारी

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में नए एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की पहचान तथा उनके समुचित उपचार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में व्यापक स्तर पर एचआईवी जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि जिले में आगामी 77 दिनों के दौरान कुल 154 विशेष एचआईवी जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 1 जुलाई से शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य जिले में एचआईवी संक्रमण की वर्तमान स्थिति का आकलन करना, नए संक्रमित व्यक्तियों की पहचान करना तथा उन्हें समय पर चिकित्सीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना है।

सिविल सर्जन ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जिले के बड़ी संख्या में लोग रोजगार एवं अन्य कारणों से राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों में गए थे। उनके वापस लौटने के बाद स्वास्थ्य जांच आवश्यक है, ताकि संभावित एचआईवी संक्रमण की समय रहते पहचान कर प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के दौरान डीएम रोशन कुशवाहा ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रस्तावित शिविरों की तिथियां शीघ्र निर्धारित करने तथा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष टीमों का गठन कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

डीएम ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की समय पर पहचान और उपचार न केवल संक्रमित व्यक्ति के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए जरूरी है, बल्कि समाज में संक्रमण के प्रसार को रोकने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण इकाई के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
