रोसड़ा में हुए फर्नीचर फैक्ट्री चोरी कांड का खुलासा, उत्तर प्रदेश के दो आरोपी को समस्तीपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

समस्तीपुर/रोसड़ा : समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में एक फर्नीचर निर्माण इकाई में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गए कई कीमती उपकरण और मशीनें भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार 22 मई की रात रोसड़ा स्थित आदित्य विजन के समीप संचालित अमर कुमार के ‘राजधानी फर्नीचर’ कारखाने में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर दी थी। चोर फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले महंगे औजार और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर रोसड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रोसड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया तथा तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद टीम उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले तक पहुंची। वहां निजामाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी राम सिंह और राम अवतार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने ड्रिल मशीन, जिग्सा मशीन, ग्राइंडर, राउटर मशीन, कील ठोकने वाली मशीन, पिंचर मशीन, लोहे की कैंची समेत कुल 11 प्रकार के फर्नीचर निर्माण उपकरण बरामद किए हैं। चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वे अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। इस कार्रवाई में रोसड़ा थाना के सह-थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र मंडल, अनीश कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक कृति कुमारी, मनीषा भारती तथा सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





