समस्तीपुर : ब्लूटूथ डिवाइस कान में और रिसिवर अंडरवियर में प्राइवेट पार्ट के पास छीपाकर दे रहा था परीक्षा, ‘ब्लिंक-ब्लिंक’ की आवाज पर ऐसे धराया
समस्तीपुर : शहर के आरएसबी इंटर स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर बीपीएससी द्वारा आयोजित एईडीओ परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परीक्षार्थी को अंडरवियर में ब्लूटूथ डिवाइस का रिसिवर छिपाकर परीक्षा देते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, बेगूसराय जिले के तेघरा निवासी सत्यजीत कुमार परीक्षा के दौरान संदिग्ध हरकत कर रहा था। इसी दौरान वीक्षक को उस पर शक हुआ। जांच के दौरान उसके कान में छिपा ब्लूटूथ डिवाइस मिला, जबकि अंडरवियर के अंदर गुप्तांग के पास एक अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को भनक न लगे।
बताया जाता है कि डिवाइस से आ रही हल्की ‘ब्लिंक-ब्लिंक’ आवाज के कारण उसकी पोल खुल गई। इसके बाद केंद्राधीक्षक के निर्देश पर सघन तलाशी ली गई, जिसमें डिवाइस बरामद हुआ। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। केंद्राधीक्षक डॉ. ललित कुमार घोष के आवेदन पर नगर थाना में ‘बिहार लोक परीक्षा अधिनियम 2024’ के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि इस नकल गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।


