मैट्रिक की परीक्षा में सायना प्रवीण ने लहराया परचम, बिहार में आठवां स्थान पाकर बढ़ाया दलसिंहसराय का मान

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : बिहार बोर्ड द्वारा मैट्रिक परीक्षा का परिणाम जारी होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के वार्ड संख्या- 6 की छात्रा सायना प्रवीण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में आठवां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है। सायना की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही उसे बधाई देने वालों का तांता लग गया। बालिका इंटर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य जितेंद्र सिन्हा सहित अन्य शिक्षक उसके घर पहुंचे और उसे सम्मानित करते हुए मुँह मीठा कराया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सायना ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, अनुशासन और अपने माता-पिता व बहन के सहयोग को दिया। उसने बताया कि वह रोजाना करीब सात घंटे घर पर ही पढ़ाई करती थी। कठिन विषयों को समझने के लिए उसने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और यूट्यूब का भी सहारा लिया, जिससे उसे काफी मदद मिली। सायना की माता जीनत प्रवीण और पिता आफताब आलम ने बताया कि उन्होंने हमेशा बेटी की पढ़ाई को प्राथमिकता दी और हर संभव सहयोग किया। सायना ने साइंस और उर्दू विषय में 98-98 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

सायना की बड़ी बहन जोया प्रवीण भी पूर्व में जिला टॉपर रह चुकी हैं। उन्होंने खासकर साइंस विषय में सायना की काफी मदद की और कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाया। शिक्षकों के अनुसार सायना शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है और सभी विषयों पर उसकी अच्छी पकड़ रही है। उसकी मेहनत और लगन अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। सायना का सपना आगे चलकर डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। उसकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही दिशा में किया गया प्रयास किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में मददगार होता है।






