समस्तीपुर रेल मंडल में टिकट चेकिंग अभियान चलाकर 47 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व वसूली
समस्तीपुर : समस्तीपुर रेल मंडल में टिकट चेकिंग के माध्यम से रेल राजस्व में वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक बिना टिकट या बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले कुल 6,46,076 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे जुर्माने के रूप में रेलवे को 47.24 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की समान अवधि की तुलना में यह आंकड़ा बढ़ोतरी को दर्शाता है। जहां मामलों की संख्या में 25.68 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, वहीं राजस्व में 34.22 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वर्ष 2024-25 में अप्रैल से जनवरी के बीच 5,14,058 मामले सामने आए थे, जिनसे रेलवे को 35.20 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। रेल मंडल के पीआरओ आर के सिंह ने कहा कि यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करने और रेलवे नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल में लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान ईमानदार यात्रियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ रेलवे की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

