Samastipur

खानपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से लूट की पूरी पटकथा दुकानदार के रिश्तेदार ने ही रची थी, अंतरजिला गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुरगाहर में बीते 13 फरवरी को हुए दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक ज्वेलरी दुकान से हुए करीब एक करोड़ के आभूषण लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में अंतरजिला गिरोह के छह बदमाशों को भी लूट के आभूषण के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटे गए आभूषणों के साथ हथियार और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। बुधवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर टीम गठित कर लगातार छापेमारी की गई। इसके बाद हसनपुर और बिथान थाना क्षेत्र से छह आरोपितों को हथियार से गिरफ्तार किया गया है। हथियार बरामदगी को लेकर हसनपुर और बिथान थाना में अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बेगूसराय जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलापुरा के प्रमोद कुमार सिंह के पुत्र केशव कुमार, बेगूसराय के ही लाखो थाना क्षेत्र के लाखो के छोटो चौधरी के पुत्र सुमित कुमार, बेगूसराय मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोडिया हैबतपुर के अशर्फी कुमार सोनी के पुत्र प्रवीण कुमार सोनी, बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र के सिहमा के अमोद सिंह के पुत्र पीयूष कुमार, समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के सिहमा के अजब लाल यादव के पुत्र नक्षत्र यादव और खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के अंकित ठाकुर के पुत्र अमित ठाकुर के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि बरामद सामानों में एक सोने का गले का आभूषण, एक जोड़ी कर्णफूल, करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी, एक देसी पिस्तौल व चार जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा व दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो बाइक तथा छह मोबाइल फोन शामिल हैं। एसपी ने बताया कि घटना का मुख्य सरगना प्रवीण कुमार सोनी है। प्रवीण कुमार सोनी पर पूर्व से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी ज्वेलरी दुकान लूट मामले में जेल जा चुका है। उसका स्वयं का ज्वेलरी दुकान भी है, जहां चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री की जाती थी। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। संगठित गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के भी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

बता दें कि खानपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गाहर चौक पर 13 फरवरी को दिनदहाड़े बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखा कर एक ज्वेलर्स दुकान में भारी मात्रा में आभूषण व नगद लूट की घटना को अंजाम दिया था। लूटपाट के बाद बदमाशों ने बीच सड़क पर कई राउंड गोलियां भी चलाई थी। बताया गया है कि बदमाशों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग करते हुए करीब 15 से 20 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना के लूट की घटना को अंजाम दिया था। लूटे गये आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गयी थी।

दुकानदार के रिश्तेदार ने ही रची थी लूट की साजिश :

एसपी ने बताया कि घटना का मुख्य सरगना प्रवीण कुमार सोनी है, जो पीड़ित दुकानदार राहुल शाह के रिश्ते में साले का साला लगता है। प्रवीण कुमार सोनी ही पूरे घटनाक्रम का सरगना है और उसने ही रेकी कर बदमाशों को सारी जानकारी उपलब्ध करायी थी और लूटकांड की घटना को अंजाम दिलाया था। उस पर पूर्व से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी ज्वेलरी दुकान लूट मामले में जेल जा चुका है। उसका स्वयं का ज्वेलरी दुकान भी है, जहां चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री की जाती थी।

डीआईजी ने भी घटनास्थल का किया था निरीक्षण :

दिनदहाड़े बड़ी लूट के बाद दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की थी व एसपी को जल्द मामले के उद्भेदन को लेकर दिशा-निर्देश दिये थे। इसके बाद एसपी ने सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार के नेतृत्व में डीआईयू कर्मियों व थानाध्यक्ष को सम्मलित कर एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी द्वारा लगातार तकनीकी एवं मानवीय आसूचनाओं का संकलन कर अंतरजिला गिरोह के 6 बदमाशों को लूट के आभूषण व सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया।

ग्राहक बनकर घटना को दिया था अंजाम :

बीते 13 फरवरी को प्रियंका ज्वेलर्स में तीनों बदमाश ग्राहक बनकर प्रवेश किया और आभूषण दुकानदार को सोने की अंगूठी दिखाने को कहा। अंगूठी देखने के दौरान आभूषण दुकान में बैठे अन्य ग्राहकों के निकलते ही बदमाशों ने दुकानदार राहुल शाह को पिस्तौल सटाकर जान मारने की धमकी देते हुए दुकान में रखा नगदी तथा सोना एवं चांदी, वैग एवं बोरी में भर कर बल्लीपुर की ओर भाग निकले थे। दुकानदारों के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद निकलते वक्त दुकानदार द्वारा हल्ला करने पर बदमाशों ने आधे दर्जन राउंड गोलियां भी चलाई थी।बदमाशों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग करते हुए करीब 15 से 20 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना के लूट की घटना को अंजाम दिया था। लूटपाट की घटना के बाद लोगों ने किया सड़क जाम दिनदहाड़े लूटपाट की घटना से आक्रोशित होकर रोसड़ा-हथौड़ी मुख्य सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर यातायात पूर्ण रूपेण बाधित कर दिया था।

Avinash Roy

Recent Posts

समस्तीपुर : फर्जी APK फाइल डाउनलोड कराकर महिला स्वास्थ्यकर्मी के खाते से उड़ाए 2.07 लाख रुपये

समस्तीपुर : साइबर ठगों ने एक बार फिर अपनी चालाकी से एक महिला स्वास्थ्यकर्मी को…

11 घंटे ago

दुर्गापूजा और रावण दहन को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन अलर्ट, DM और SP ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

समस्तीपुर : दुर्गापूजा, विजयादशमी, मूर्ति विसर्जन और रावण दहन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में…

13 घंटे ago

समस्तीपुर में दु’ष्कर्म के दोषी को 10 साल सश्रम कारावास की सजा, कोर्ट ने 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया

समस्तीपुर : अनन्य विशेष न्यायाधीश (रेप एवं पॉक्सो एक्ट) मनीषा प्रकाश की अदालत ने सोमवार…

23 घंटे ago

रावण दहन को लेकर SDO ने की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का दिया निर्देश

समस्तीपुर : दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और…

23 घंटे ago