Samastipur

समस्तीपुर : रिश्तों ने फेरा मुंह तो इंसानियत बनी सहारा, पांचवें दिन तक किसी भी परिजनों के नहीं आने पर पोस्टमार्टम कर्मी मंजू ने पूनम को अज्ञात मानकर दी मुखाग्नि

समस्तीपुर : रिश्तों के शहर में जब अपने ही मुंह फेर लें, तब कभी-कभी इंसानियत किसी अजनबी के हाथों से उजागर होती है। चार दिनों तक सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस की ठंडी दीवारों के बीच पड़ी एक महिला की देह सिर्फ एक मृत्यु का विवरण नहीं थी, बल्कि वह समाज, रिश्तों और व्यवस्था की संवेदनहीनता का मूक दस्तावेज बन चुकी थी। अंततः रविवार को पांचवे दिन अस्पताल प्रबंधन ने उस ज्ञात महिला को अज्ञात मानते हुए अंतिम संस्कार कर दिया। विडंबना यह रही कि जिस मां ने एक बेटे को जन्म दिया, उसी बेटे को उसकी चिता तक आग देने का अधिकार भी न मिल सका।

उक्त मृतका को रविवार को जब शव का अंतिम संस्कार किया गया, तो मुखाग्नि बेटे या पति ने नहीं, बल्कि पोस्टमार्टम वाली महिला कर्मचारी मंजू ने दी। जिस मां के आंचल में कभी दस वर्षीय पंकज ने आंखें खोली थीं, उसी मां की चिता को वह मुखाग्नि तक नहीं दे सका। बदहवास वह इस बात से अनजन है की उसकी मां उसे छोड़कर इस दुनियां से जा चुकी है। ससुराल पक्ष के इनकार और पति की गैरहाजिरी ने पूनम को मौत के बाद भी बेसहारा छोड़ दिया।

ऐसे में महिला पोस्टमार्टम कर्मी मंजू आगे आईं और बिना किसी रिश्ते के, बिना किसी पहचान के सिर्फ इंसानियत के नाते मुखाग्नि दी। पूनम, जो जीवन में पत्नी, बहू और मां थी, अंतिम यात्रा में एक सरकारी फाइल और अस्पताल के कागजों के बीच सिमट गई। मगर उसकी चिता को आग देने वाला हाथ बता गया कि संवेदना अब भी जिंदा है। एक अजनबी महिला ने वह फर्ज निभाया, जिसे खून के रिश्ते निभाने से कतराते रहे। यह कहानी सिर्फ एक मौत की नहीं, बल्कि उस करुणा की है, जो व्यवस्था की बेरुखी और रिश्तों की बेरहमी के बीच भी जलती रही।

दरअसल नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर मोहल्ले में मंगलवार की सुबह किराये के मकान से संदिग्ध हालत में मिले शव की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के अंगार गांव निवासी शैलेश पासवान की पत्नी पूनम कुमारी के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसी दिन शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और ससुराल पक्ष को सूचना भी दी। लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह रिश्तों की बेरुखी की सबसे कड़वी तस्वीर बन गया।

चार दिन बीत गए। न पति आया, न ससुराल का कोई सदस्य। बताया जाता है कि पति पहले ही पत्नी को छोड़ चुका था और अपनी एक अलग दुनिया बसा चुका है। इधर उसके ससुराल वालों ने भी शव लेने से साफ इनकार कर दिया। नियमों, प्रक्रियाओं और फोन कॉल्स के बीच पूनम का शव पोस्टमार्टम हाउस में यूं ही पड़ा रहा मानो वह अब किसी की नहीं रही हो। इसी बीच दस वर्षीय मासूम, पंकज अपनी मां के जाने के बाद अचानक अनाथ हो गया। वही बच्चा, जिसकी आंखों ने उस सुबह मां को खामोश देखा था, आज भी किसी अपने के आने का इंतजार करता रहा।

उसकी आंखों में सवाल था मां तो चली गई, अब मेरा कौन है। फिलहाल वह मकान मालिक के पास है और पुलिस उसे चाइल्ड लाइन को सौंपने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के अनुसार परिजनों से लगातार संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कानूनी औपचारिकताओं के बीच, 72 घंटे बीत जाने के बाद प्रशासन ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी खुद उठाई।

Avinash Roy

Recent Posts

दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट हुआ जिला प्रशासन, समस्तीपुर शहर के पूजा पंडालों का किया गया निरीक्षण

समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था…

15 घंटे ago

दुर्गा पूजा को लेकर ताजपुर में निकाला गया फ्लैग मार्च, SDO व DSP ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के सप्तमी, महाअष्टमी, महानवमी एवं विजयादशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की…

15 घंटे ago

उत्क्रमित मध्य विद्यालय लगुनियां के नवाचारों की समस्तीपुर नगर आयुक्त ने की सराहना

समस्तीपुर : नगर निगम समस्तीपुर के नगर आयुक्त गौतम कुमार ने शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य…

17 घंटे ago

‘जलने वाले जलते रहे’, तेज प्रताप का अनुष्का यादव पर पलटवार, कहा- गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान देना मेरी शान के खिलाफ

'जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे. मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान…

17 घंटे ago

समस्तीपुर में ट्रक की ठोकर से वैशाली के बाइक सवार युवक की मौ’त, नानी के घर जा रहा था; डेढ़ महीना पहले गुजरात से घर लौटा था

समस्तीपुर/सरायरंजन : सरायरंजन थाना क्षेत्र के बरुणा रसलपुर के समीप एसएच-88 पर तेज रफ्तार ट्रक…

19 घंटे ago

समस्तीपुर के 134 विद्यालयों की 7844 डिसमिल जमीन पर भू-माफियाओं का कब्जा, कहीं चल रहा प्रिंटिंग प्रेस तो कहीं हो रही खेती

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था और सरकारी संपत्तियों की बदहाली की पोल खोलने…

22 घंटे ago