विधानसभा चुनाव : समस्तीपुर में सीट बंटवारे से पहले ही समर्थकों ने सोशल मीडिया पर बांटी टिकटें

समस्तीपुर : विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया भले ही शुरू हो चुकी हो, लेकिन एनडीए और महागठबंधन दोनों ही गठबंधनों में सीट शेयरिंग को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसी अनिश्चितता के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। संभावित उम्मीदवारों के समर्थक लगातार सक्रिय हैं। हर सीट को लेकर कार्यकर्ताओं के अपने-अपने अनुमान हैं। किसी पोस्ट में उम्मीदवार की तस्वीर के साथ हमारा प्रत्याशी तय लिखा जा रहा है, तो कहीं नामांकन में शामिल होने का आमंत्रण साझा किया जा रहा है। कुछ समर्थक तो अपने-अपने नेताओं की तारीफों के पुल बांधते हुए सीट को पक्की बताने में जुटे हैं।
वहीं, विरोधी खेमे के लोग उसी पोस्ट पर तंज कसते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सोशल मीडिया अब सिर्फ प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि जनधार मापने का प्लेटफॉर्म बन चुका है। इस बार के चुनाव में फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर चल रही चर्चाएं कार्यकर्ताओं के जोश को दिशा दे रही हैं। कई पोस्टों में समर्थक अपने नेताओं की नामांकन तिथि तक घोषित कर रहे हैं, जबकि गठबंधन स्तर पर सीटों पर सहमति अभी बनी ही नहीं है।

शनिवार शाम तक सीट शेयरिंग के स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही थी, पर बातचीत आगे बढ़ने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही। इससे सोशल मीडिया पर और अधिक हलचल मच गई है। कई कार्यकर्ताओं ने टिप्पणी की है कि नेतृत्व की चुप्पी से भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि सोशल मीडिया पर चल रही यह होड़ चुनावी माहौल को पहले से कहीं ज्यादा जीवंत और अनिश्चित बना रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीट बंटवारे का आधिकारिक ऐलान कब होगा और सोशल मीडिया पर चल रहे ये डिजिटल पोस्टर किस हद तक हकीकत में बदलते हैं।







