समस्तीपुर/रोसड़ा :- रोसड़ा थाना क्षेत्र के भिरहा पूरब के शाहपुर में गुरुवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक 16 वर्षीय किशोर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे किशोर बुरी तरह जख्मी हो गया। जख्मी किशोर थाना क्षेत्र के कोलहट्टा गोनवारा निवासी सुधीर पासवान का पुत्र सूरज कुमार (16 वर्ष) बताया गया है। आनन-फानन में लोगों ने उसे ईलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक चिकित्सा के उपरांत जख्मी को बेहतर ईलाज के लिए रेफर कर दिया है।
जख्मी किशोर की हालत काफी नाजुक बतायी जा रही है। बदमाशों ने किशोर के पेट के समीप चाकू से वार किया है। चाकू से कई मर्तबा वार किए जाने को लेकर उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर, घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घटना को अंजाम देकर फरार हो रहे बदमाशों को खदेड़ दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि बाइक सवार तीन बदमाश बाइक छोड़ फरार होने में सफल रहे। ग्रामीणों ने धराये बदमाश को अपने कब्जे में ले लिया और बंधक बना लिया।
वहीं सूचना पर पहुंची रोसड़ा पुलिस धराये बदमाश को ग्रामीणों के कब्जे से अपने कब्जे में लेने का प्रयास करती रही, पर लोग पुलिस की एक सुनने को तैयार नहीं थे। इंस्पेक्टर लालबाबू कुमार दलबल के साथ लोगों को समझाने -बुझाने में जुटे रहे, पर लोग उनकी सुनने को तैयार नहीं थे। देखते ही देखते महिला व पुरूष की भारी भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गयी। वहीं पुलिस महकमे ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए पर्याप्त पुलिसबलों की तैनाती कर दी।
शिवाजीनगर व हथौड़ी थानाध्यक्ष भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को भी काफी खरी-खोटी सुनायी। ग्रामीण घटनास्थल पर एसपी व डीएसपी को बुलाये जाने, जख्मी के ईलाज का समुचित खर्च दिए जाने व मनबढ़ किस्म के बदमाशों पर अंकुश लगाए जाने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि मनबढ़ किस्म के बदमाशों के द्वारा बराबर इलाके में दहशत बनाए जाने को लेकर अवांछित हरकते की जाती है, जिसकी शिकायत पुलिस से भी की जाती है। लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से नहीं लेती है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस टीम गांव में मौजूद थी व बदमाश ग्रामीणों के कब्जे में था। हालांकि पुलिस धराये बदमाश को अपने कब्जे में लिए जाने का मशक्कत कर रही थी। मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित सूरज अपनी साईकिल से शाहपुर चौक आया था। जहां से वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाशों ने उसे रोका और एक ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया।
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ अपराधी लगातार आपराधिक घटनाओं…
समस्तीपुर/विभूतिपुर : समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत बाजिदपुर बम्बैया पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित…
समस्तीपुर : बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के…
समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के बेला पचरूखी गांव में दुर्गा पूजा के मेले के…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले की पुलिस व्यवस्था में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।…
बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है.…