आज थम गया प्रथम चरण का प्रचार, समस्तीपुर जिले के चार नगर पंचायत व एक नगर निकाय में रविवार को है चुनाव
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़े
समस्तीपुर :- नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में जिले के चार नगर पंचायत व एक नगर निकाय में 18 दिसम्बर को मतदान होगा। इसको लेकर आज शुक्रवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया है। इधर, मतदान के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने व पारदर्शी चुनाव के लिए प्रशासन की भी तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गयी है।
विदित हो कि प्रथम चरण में जिले के रोसड़ा, दलसिंहसराय, ताजपुर व पटोरी नगर परिषद के अलावा सरायरंजन नगर पंचायत में चुनाव होगा। चुनाव प्रचार थमने को लेकर शुक्रवार की शाम तक सभी जगह उम्मीदवारों ने जमकर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान कई जगह रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन भी किया गया। आज शुक्रवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार बंद होने के बाद प्रत्याशी अपनी जीत के लिए डोर टू डोर कैंपिंग भी शुरू कर दिया है।
इधर, जिला प्रशासन ने मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली है। मतदान पदाधिकारी व कर्मियों को प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है। शनिवार को मतदान दल को मतदान केंद्र के लिए रवाना किया जाएगा। विदित हो कि पांच नगर निकायों में चुनाव को लेकर 130 वार्डों में 907 प्रत्याशी चुनावी दंगल में शामिल है। पटोरी नप में मुख्य पार्षद के सबसे जयादा 14 उम्मीदवार हैं। जबकि उप मुख्य पार्षद के 25 व वार्ड पार्षद के 205 उम्मीदवार हैं। वहीं ताजपुर में मुख्य पार्षद के 10, उप मुख्य पार्षद के 14 व पार्षद के 178, दलसिंहसराय में मुख्य पार्षद के 12, उप मुख्य पार्षद के 10 व पार्षद के 158, रोसड़ा में मुख्य पार्षद के 7, उप मुख्य पार्षद 7 व पार्षद के 109 एवं सरायरंजन में मुख्य पार्षद के 12, उप मुख्य पार्षद के 8 व पार्षद के 149 उम्मीदवार मैदान में हैं।
217 वार्डों में बनाये गये 507 मतदान केंद्र :
निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर मतदाताओं की सहूलियत को देखते हुए 217 वार्डों में 507 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 19 चलंत मतदान केंद्र शामिल किए गए हैं। जिसे ज्यादा दूरी को देखते हुए मतदाताओं की सुविधा के लिए बनाया गया है। बताया गया कि नगर निकाय क्षेत्र के जिन वार्डों में कोई भी सरकारी, अर्धसरकारी भवन या भूमि मौजूद नहीं है वहां आयोग के निर्देश पर सरकारी सड़क के किनारे चलंत मतदान केंद्र की स्थापना की गई है।