समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर महिला से जेवर झपटने वाला युवक धराया, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

समस्तीपुर : समस्तीपुर रेलवे स्टेशन परिसर में महिला के गले से जेवर झपटकर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और रेल पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान महिला का छीना गया ढोलना भी बरामद कर लिया है। जीआरपी थाना अध्यक्ष बलवीर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान बहादुरपुर निवासी प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही ऐसी वारदातों को अंजाम देता था। पीड़िता मेडिकल कॉलोनी निवासी नीतू कुमारी हैं। उनके पति मनीष कुमार रेलवे अस्पताल में फार्मासिस्ट हैं। नीतू ने बताया कि वह अपनी पड़ोसी महिला के साथ फुट ओवरब्रिज से होकर बाजार जाने के लिए स्टेशन परिसर पहुंची थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए युवक ने अचानक उनके गले से ढोलना झपट लिया और भागने लगा।

महिला के शोर मचाते ही स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया ढोलना बरामद कर लिया। जीआरपी ने बताया कि पीड़िता से लिखित आवेदन लिया जा रहा है। आवेदन मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




