समस्तीपुर: बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड मामले में 1 लाख का ईनामी बदमाश 7 लाख रुपये के आभूषण के साथ गिरफ्तार

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर में बीते 7 मई को हुए बहुचर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ के सहयोग से नगर पुलिस ने इस कांड के एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर पहले से ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटोरी थाना क्षेत्र के उत्तरी धमौन निवासी यदुवंश राय के पुत्र बैजनाथ राय के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 65 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बतायी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी बैजनाथ राय के उपर नगर थाने के अलावे मुसरीघरारी थाना और पटोरी थाना में भी करीब 14 गंभीर मामले दर्ज है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 सह प्रभारी एसपी संजय कुमार पांडेय ने सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बैजनाथ राय मुंबई फरार हो गया था। रविवार को वह लूट में मिले अपने हिस्से के आभूषणों को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से मुंबई से अपने घर आया था।

इसी दौरान नगर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पीस सोने का हार, एक पीस सोने का चेन, एक पीस सोने का मंगलसूत्र, चार पीस सोने की चूड़ियां और दो पीस सोने के झुमके बरामद किए। सभी आभूषणों का कुल वजन 65 ग्राम बताया गया है। प्रभारी एसपी ने बताया कि इस लूटकांड में अब तक कुल 15 बदमाशों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

वहीं, अब तक 3 किलो 485 ग्राम 186 मिलीग्राम सोने के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 85 लाख रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने इस मामले में 2 लाख 19 हजार 200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। उन्होंने बताया कि इस बड़े लूटकांड के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जारी है और जल्द ही अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अब तक 15 बदमाशों की हो चुकी है गिरफ्तारी :
बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड मामले में पुलिस ने अब तक 15 बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार बदमाशों में कुख्यात करमवीर कुमार, रविश कुमार, रणधीर कुमार, बिट्टू कुमार, दीपक मुंशी, रमेश कुमार झा, फुलपरी देवी, अनुराधा कुमारी, अभिषेक गुप्ता, अखिलेश कुमार, सविता देवी, चंदू पासवान, दीपक कुमार (सोनार), धर्मनाथ सिंह उर्फ धर्मा और बैजनाथ राय शामिल है।
गिरफ्तार बदमाशों की संपत्ति होगी जब्त :
इससे पहले पिछले हफ्ते गिरफ्तार हुए धरमा के पास से भी पुलिस ने 45 लाख रुपये मूल्य के 375 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद बरामद किए थे। पटना के रामकृष्णा नगर में बैंक लूट के रुपये से वह जमीन खरीदकर आलीशान मकान बनवा रहा था। पुलिस अब उसकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया में जुटी है। इसके अलावे अन्य बदमाशों के भी अपराध की दुनिया से अर्जित संपत्ति जब्ती को लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।

ग्राहक बनकर घुसे थे लुटेरे, बैंककर्मियों को बाथरूम में बंदकर हो गए फरार :
बीते 7 मई को नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र से दिनदहाड़े 10 करोड़ रुपये के आभूषण व 15 लाख नगद लूट की घटना से शहर में सनसनी फैल गयी थी। लूटकांड के दौरान सभी बदमाश ग्राहक बनकर बैंक में प्रवेश किये थे। इस दौरान एक बदमाश ने बैंक के अंदर ही फायरिंग भी कर दिया। यह तो गनीमत रही की गोली किसी को नहीं लगी। इस दौरान सभी बैंक कर्मियों व ग्राहकों को बदमाशों ने कमरे व बाथरूम में बंधक बना लिया था और सभी का फोन व सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी साथ लेते चले गये थे।
यहां देखें वीडियों :



