बिहार: ‘मेरी सहेली ही मेरी पत्नी है’, लड़की को लड़की से प्यार तो कर ली शादी, लेकिन अब मामला थाने में

बिहार में बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की शाम दो नाबालिग सहेलियों द्वारा आपस में शादी करने का दावा किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों किशोरियों की उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में चर्चा का माहौल बन गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों किशोरियों को बेलहर थाना लेकर आई, जहां उनसे और उनके अभिभावकों से पूरे मामले की जानकारी ली गई।
लड़की को लड़की से ही हो गया प्यार
बताया जाता है कि दोनों किशोरियां एक ही गांव की रहने वाली हैं और उनके घर भी आसपास हैं। दोनों के बीच काफी समय से दोस्ती थी। वे अक्सर एक-दूसरे के साथ रहती और घूमने जाती थीं। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने की बात सामने आई। रविवार को दोनों ने अचानक एक-दूसरे के साथ शादी करने का दावा कर दिया। इसके बाद जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।


मेरी सहेली ही मेरी पत्नी है: लड़की
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों में से एक किशोरी का पहनावा और रहन-सहन लड़कों जैसा है। वह छोटे बाल रखती है और अक्सर पैंट-शर्ट में नजर आती थी। बताया गया कि वह गांव में राजमिस्त्री के साथ मजदूरी भी करती थी। थाना पहुंचने के बाद उक्त किशोरी ने पुलिस और परिजनों के समक्ष खुद को युवक बताते हुए अपनी सहेली को पत्नी के रूप में साथ रखने की इच्छा जताई। उसने दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात भी कही।

दोनों के घरवाले हो गए हैरान
दो लड़कियों की एक दूसरे से शादी की बात जानते ही इलाके के लोग दंग रह गए। वहीं, दूसरी किशोरी के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें दोनों के बीच इस तरह के संबंध की पहले से जानकारी नहीं थी। अचानक घटना की जानकारी मिलने के बाद वे हैरान रह गए।थाना पहुंचने के बाद दोनों किशोरियों ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई। हालांकि, दोनों के नाबालिग होने के कारण पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस पदाधिकारी और अभिभावक दोनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।

थाने में दोनों को समझाने की कोशिश
प्रभारी थानाध्यक्ष गौतम कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों किशोरियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों नाबालिग हैं, इसलिए मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी की आवश्यकता हुई तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


