समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

BiharNEWS

बिहार में बिजली चोरी करने वालों के बुरे दिन होंगे शुरू, स्मार्ट प्रीपेड मीटर कंपनियों को मिली अब बड़ी जिम्मेदारी

IMG 20260212 WA0118

बिहार में बिजली चोरी पर रोक लगाने और बिजली वितरण व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वाली कंपनियों को अगले 10 वर्षों तक इनर्जी अकाउंटिंग यानी ऊर्जा लेखांकन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. इस व्यवस्था के जरिए बिजली की आपूर्ति और उपभोक्ताओं की खपत का मिलान किया जाएगा. इससे बिजली चोरी और बिलिंग में गड़बड़ी पकड़ना आसान होगा.

कैसे काम करेगी एनर्जी अकाउंटिंग?

बिजली विभाग के अनुसार, हर क्षेत्र में लगे वितरण ट्रांसफार्मरों की निगरानी की जाएगी. ट्रांसफार्मरों पर विशेष सिम आधारित डिवाइस लगाए गए हैं, जो रियल टाइम में बिजली आपूर्ति का डेटा सर्वर तक भेजते हैं. इससे यह पता चलेगा कि किस इलाके में कुल कितनी बिजली भेजी गई और उपभोक्ताओं ने कितनी बिजली का उपयोग किया.

HOLY MISSION High School 20x10 1paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

बिजली खपत और बिल का होगा मिलान

नई प्रणाली में ट्रांसफार्मर से सप्लाई हुई बिजली और उपभोक्ताओं की बिलिंग का मिलान किया जाएगा. यदि दोनों के आंकड़ों में बड़ा अंतर मिलता है तो इसकी जांच होगी. कंपनियां यह पता लगाएंगी कि बिलिंग कम क्यों हो रही है और कहीं बिजली चोरी तो नहीं हो रही.

IMG 20240904 WA0139

संदिग्ध उपभोक्ताओं पर रहेगी नजर

यदि किसी उपभोक्ता के यहां बिजली की खपत ज्यादा होगी लेकिन बिल कम आएगा, तो उसकी जांच की जाएगी. इसी तरह स्वीकृत लोड और वास्तविक उपयोग में अंतर मिलने पर भी कार्रवाई की जा सकती है. इससे अनधिकृत बिजली उपयोग और चोरी के मामलों की पहचान आसान होगी.

IMG 20250821 WA0010

कंपनियां देंगी विस्तृत रिपोर्ट

स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनियां बिजली कंपनियों को नियमित रिपोर्ट देंगी. रिपोर्ट में बताया जाएगा कि किस क्षेत्र में राजस्व नुकसान हो रहा है और उसकी वजह क्या है. जहां बिजली चोरी की आशंका होगी, वहां विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी.

FB ADD scaled

90 लाख घरों में लग चुके हैं स्मार्ट मीटर

बिहार में फिलहाल करीब 2.22 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं. इनमें लगभग 90 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं. सरकार राज्यभर में तेजी से स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रही है. आने वाले समय में इसका दायरा और बढ़ेगा.

IMG 20241218 WA0041

उपभोक्ताओं को भी मिलेगा फायदा

ऊर्जा विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर और एनर्जी अकाउंटिंग के संयुक्त उपयोग से बिजली व्यवस्था अधिक आधुनिक और जवाबदेह बनेगी. इससे बिजली कंपनियों की आय बढ़ेगी, बिजली चोरी कम होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण बिजली सेवा मिल सकेगी.

IMG 20260516 WA0116