छाता लेकर निकलें! समस्तीपुर समेत बिहार के इन 20 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
समस्तीपुर समेत बिहार के 20 जिलों में बुधवार को आंधी के साथ बारिश की चेतावनी है। शेष जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। दक्षिण बिहार के मुकाबले उत्तर बिहार के अधिक जगहों पर बारिश होगी। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बदलाव नहीं होगा। पटना में बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में शाम और रात में बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवा भी चलेगी।
अररिया, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सुपौल शिवहर, सीतामढ़ी व पश्चिमी चंपारण में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गोपालगंज, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, सारण, सीवान, वैशाली व पटना जिले में मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट है।


