बूढ़ी गंडक किनारे झाड़ी से महिला का श’व बरामद, पास ही ज’हर बरामद; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

समस्तीपुर: नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित नचारी झा गली के पीछे बूढ़ी गंडक नदी किनारे शुक्रवार की दोपहर एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव झाड़ी में लावारिस हालत में पड़ा हुआ था, जिसे देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव के पास से जहरीला पदार्थ तथा कुछ दूरी पर मृतका की चादर बरामद की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। जांच के क्रम में मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाजोपुर निवासी अशोक साह की पत्नी अनीता देवी के रूप में की गई है।

बताया गया है कि नदी किनारे शौच के लिए गए किसी व्यक्ति की नजर झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। इंटरनेट मीडिया पर महिला की तस्वीर वायरल होने के बाद स्वजन उसकी पहचान करते हुए सदर अस्पताल पहुंचे।

नगर पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला जहर खाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। इधर अपर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि घटनास्थल से बरामद जहर की गोली को सुरक्षित कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। स्वजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




