बिहार के डिप्टी CM की स्वागत रैली में हर्ष फायरिंग! लखीसराय में विजय सिन्हा माइक से कहते रहे- सरकार बनाने के लिए धन्यवाद

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा लखीसराय विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं जीत के बाद शुक्रवार को बड़हिया पहुंचे। उनके स्वागत में समर्थकों ने बंदूक से फायरिंग कर स्वागत किया। इस दौरान आसपास से गुजर रहे लोग कुछ देर के लिए सहम गए।
इस दौरान विजय सिन्हा गाड़ी से माइक लेकर कहते दिखे- हमारी सरकार बनाने के लिए लखीसराय की जनता का धन्यवाद। उनकी इस आवाज के बीच समर्थक फायरिंग करते रहे। लखीसराय में सिन्हा के स्वागत में बुलडोजर से फूल बरसाए। कार्यकर्ता उनके समर्थन में नारेबाजी करते दिखे। उपमुख्यमंत्री ने रोड शो करते हुए जगदंबा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

विजय सिन्हा ने कहा, ‘खनन विभाग अब बिहार के लिए वरदान साबित होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रदेश में सक्रिय बालू माफिया को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में जमीन से जुड़े मामलों के समाधान के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जमीन विवादों को नरसंहार में बदलने वाली पूरी व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा कर बिना किसी शोर-शराबे के इसका समाधान किया जाएगा।’

कांग्रेस और RJD ने सरकार पर निशाना साधा
कांग्रेस प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने कहा, डिप्टी CM के सामने फायरिंग हो रही है। विजय सिन्हा खुद गुंडाराज चला रहे हैं। इन्हीं लोगों की वजह से अब तक 60 से 70 हजार हत्याएं हो चुकी हैं।

राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि, ये लोग अपराधियों को बिहार से बाहर करने की बात करते हैं। डिप्टी CM के लिए गोलियों की बौछार हो रही है। लोग डर रहे हैं, लेकिन सरकार में बैठे लोग ऐसे कामों की तारीफ करते हैं। एक डिप्टी CM अपराधियों को निकालने का कहते हैं दूसरे गोलियां चलवा रहे हैं।

हर्ष फायरिंग में 2 साल की सजा
भारत में शादी-बारात, जीत का जश्न या किसी खुशी में हवा में गोली चलाना (हर्ष फायरिंग) पूरी तरह गैर-कानूनी है। इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है। BNS की धारा 304A, IPC 106(1) में केस दर्ज हो सकता है। इसके तहत 2 साल की सजा और जुर्माना हो सकता है।



