मतदाता सूची में दो जगह है मेरा नाम लेकिन.., तेजस्वी यादव के आरोपों पर डिप्टी सीएम ने दिया जवाब

बिहार में दो वोटर आई कार्ड के मुद्दे पर सियासत तेज हो चुकी है। रविवार को बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का नाम दो जगहों पर मतदाता सूची में है। इसके अलावा तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि उनके पास दो ईपिक नंबर हैं। तेजस्वी ने कहा कि पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलावा लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र में भी बतौर मतदाता विजय कुमार सिन्हा का नाम है। इतना ही नहीं दोनों ही जगहों पर उनके उम्र में भी अंतर है।
तेजस्वी के इन आरोपों के कुछ ही देर बाद डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा खुद मीडिया के सामने आए। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोप का जवाब दिया। उन्होंने कहा है कि मेरा नाम दो जगहों की मतदाता सूची में है लेकिन इनमें एक जगह पटना में नाम हटाने का आवेदन दिया हुआ है। अभी मतदाता की फाइनल सूची नहीं आई है, इसकी प्रक्रिया चल ही रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की प्रहरी है, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान नहीं करती है।

पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा, ‘इनको माफी मांगनी चाहिए और सफाई देनी चाहिए कि ऐसा झूठा आरोप नहीं लगाना चाहिए। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद एक वकील ने कहा कि जब बीएलओ घर जाते हैं तब वो नाम के हिसाब से एसआईआर में नाम देते हैं। एसआईआर में इन्होंने (विजय कुमार सिन्हा) फॉर्म नहीं भरा है। तो भी अगर नाम आ गया है तो भी उन्होंने सही तरीक से फॉर्म-7 भरकर डाल भी दिया है कि इस नाम को हटाया जाए।

डिप्टी सीएम ने कहा कि जब हमने फॉर्म भर दिया है और उनकी तरफ से मुझे इसकी रिसीविंग मिल गई है तब वो एक महीने के अंदर मेरा नाम हटा देंगे। अभी त्रुटिकरण संशोधन का समय है और आखिर एक महीने का समय क्यों लिया गया है? यह समय इसीलिए लिया गया है कि अगर किसी सुधार या संशोधन की जरूरत है तो उसे पूरा किया जाए।




