हाथों में तिरंगा, सामा चकेवा गीत पर डांस; पीएम मोदी सिमरिया में छठ और देशप्रेम की छटा देख झूम उठे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गया जी में जनसभा को संबोधित करने के बाद बेगूसराय पहुंचे। पीएम ने सीएम नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया छह लेन पुल का लोकार्पण किया। इसे देश का सबसे चौड़ा रीवर ब्रिज बताया जा रहा है। इस दौरान पीएम के स्वागत में बिहार की कला संस्कृति और देश प्रेम का अद्भुत नजारा पेश आया जिसे देखकर पीएम भी झूम उठे। उन्होंने गमछा लहरा-लहरा कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो को खूब देखा जा रहा जिसमें पीएम मोदी और सीएम नीतीश की बेजोड़ केमिस्ट्री भी साफ नजर आ रही है।
बेगूसराय में गंगा नदी के तट पर स्थित सिमरिया घाट देश के धार्मिक महत्व के नामचीन घाटों में एक है। बिहार सरकार द्वारा इसे बनारस के घाट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल का उद्घाटन करने पहुंचे। इस दौरान पीएम ने रोड शो में भाग लिया। सिमरिया घाट पर पीएम के स्वागत में भव्य आयोजन किया गया था। करीब तीन किलोमीटर में घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया था। सीएम के स्वागत में छठ गीत पर कलाकारों ने डांस किया। खासकर जब पीएम पुल पर पहुंचे तो घाट पर सामा चकेवा गीत पर दर्जनों महिला कलाकार डांस कर रहे थे। वहीं सैंकड़ों की संख्या में लोग हाथों में तिरंगा झंडा लहरा कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे थे।

सीएम नीतीश के साथ पुल पर पहुंचे नरेंद्र मोदी यह नजारा देखकर झूम उठे। नीतीश कुमार के हाथ में हाथ डालकर सीएम कलाकारों को वेव करने लगे। इसी बीच पीएम ने सीएम का हाथ छोड़ दिया और कंधे पर रखा गमछा हाथ में ले लिया। ठेठ बिहारी अंदाज में पीएम मोदी गमछा लहराने लगे तो कलाकारों और मौजूद लोगों का उत्साह कई गुना हो गया। यह देखकर पीएम भी रोमोंचित हो गए और काफी देर तक गमछा लहराते रहे। पीएम को रोमांचित देख घाट पर मौजूद लोगों ने हाथ हिलाकर पीएम को रिस्पॉन्ड किया।







