बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब चौतरफा मोर्चा खोल दिया है. हाफ एनकाउंटर, संपत्ति जब्ती और तस्करों पर कार्रवाई के बाद अब निशाने पर हैं अवैध हथियार बनाने वाले, उनके सप्लायर और वो आर्म्स दुकानदार जो अपराधियों को गोलियां उपलब्ध करा रहे हैं. राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने सनसनीखेज खुलासा किया है कि बिहार में करीब 150 आर्म्स दुकानदार ऐसे हैं, जिनकी संलिप्तता अपराधियों को गोलियां सप्लाई करने में पाई गई है.
150 आर्म्स दुकानदार पर शक, साक्ष्य मिले
DGP विनय कुमार ने बताया कि कई जिलों से पुख्ता साक्ष्य मिले हैं कि कुछ आर्म्स धारक हर साल सैकड़ों गोलियां खरीदते हैं और फिर उन्हें अपराधियों को बेच देते हैं. अब तक इस पर कोई जांच-प्रक्रिया नहीं होती थी, जिसके कारण ऐसे लोग बेखौफ कारोबार कर रहे थे. अब बिहार पुलिस इनका सत्यापन करेगी और जिनके पास खरीदी गई गोलियों का सही हिसाब नहीं होगा, उनके लाइसेंस रद्द करवाने की प्रक्रिया शुरू होगी.
मृत व्यक्तियों के लाइसेंस का हो रहा दुरुपयोग
DGP ने एक और गंभीर मामला उजागर किया. उनके अनुसार, कुछ दुकानदार मृत व्यक्तियों के लाइसेंस नंबर का इस्तेमाल कर गोलियां उठाते हैं और फिर इन्हें अपराधियों तक पहुंचाते हैं. पूर्णिया और खगड़िया में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं. इसको लेकर बिहार पुलिस ने कोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया है और जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अवैध मिनी गन फैक्ट्री का नेटवर्क फैला
पहले अवैध मिनी गन फैक्ट्री मुंगेर तक सीमित थी, लेकिन अब यह कारोबार कई जिलों में फैल चुका है. DGP के अनुसार, बिहार पुलिस लगभग हर दिन किसी न किसी जिले में इन फैक्ट्रियों का खुलासा कर रही है. हाल ही में मोहनिया और नालंदा में बड़े पैमाने पर गोलियों की बरामदगी हुई है, जिसमें हजारों राउंड जिंदा कारतूस पुलिस ने जब्त किए.
हालिया बरामदगी के आंकड़े
पिछले दिनों हुई कार्रवाई में पुलिस ने बरामद किए. AK-47 – 2, इंसास – 1, कार्बाइन – 3, SLR – 3, राइफल – 5, देसी पिस्टल/कट्टा – 175, अवैध अर्धनिर्मित हथियार – 52, मैगज़ीन–82, मिनी गन फैक्ट्री–8, जिंदा कारतूस–7,688, खाली खोखे–130.
अपराध की जड़ पर प्रहार
बिहार पुलिस के मुताबिक, हत्या, लूट, बैंक डकैती और पुलिस पर हमले जैसे अपराध हथियार और गोलियों के बल पर ही अंजाम दिए जाते हैं. इसलिए अब पुलिस ने न सिर्फ अपराधियों बल्कि उनके हथियार आपूर्ति नेटवर्क को भी खत्म करने का अभियान तेज कर दिया है. DGP ने कहा, हमारा लक्ष्य साफ है अपराधियों की रीढ़ तोड़नी है. अवैध हथियार बनाने वालों, तस्करों और अपराधियों को गोली सप्लाई करने वालों को हर हाल में जेल भेजा जाएगा.
समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत स्थित वार्ड संख्या - 5…
केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), हाजीपुर में नए सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया…
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसारी गांव में शुक्रवार की सुबह खेत में दफन…
बिहार में रसोई गैस (LPG) को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. तेल कंपनियों ने बढ़ती…
राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले राजनीतिक गहमागहमी तेज है। टूट की संभावना रोकने को…
सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोवर बढ़ाने की चाह में की गई एक लापरवाही एक…