नीतीश कुमार बन सकते हैं इंडिया महागठबंधन के संयोजक! 3 जनवरी की बैठक में होगा फैसला
2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों के बीच बैठकों का दौर जारी है. एक तरफ जहां इंडिया महागठबंधन बुधवार को बैठक करेगा. वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी की पार्टी मुख्यालय में आज बैठक होगी. 3 जनवरी को इंडिया गठबंधन के बड़े नेताओं की जूम ऐप के जरिये बैठक होगी, जिसमें सभी घटक दलों के नेता शामिल होंगे. INDIA गठबंधन में नीतीश की आगे की भूमिका को लेकर चर्चा हो सकती है. इस बैठक में कांग्रेस के बड़े नेता नीतीश कुमार को संयोजक बनाने का प्रस्ताव दे सकते हैं.
वहीं लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर आज बीजेपी की महत्वपूर्ण मीटिंग होगी. ये मीटिंग सुबह करीब 11 बजे बीजेपी मुख्यालय में शुरू होगी. बीजेपी के कई राष्ट्रीय महासचिव, केन्द्र सरकार के मंत्री और असम सीएम इस मीटिंग में मौजूद रहेंगे.

वहीं पंजाब कांग्रेस आज एक अहम बैठक करने जा रही है, जिसमें आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर साथ ही इंडिया गठबंधन की रूपरेखा क्या होगी या इस मीटिंग में तय किया जाएगा. पंजाब कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी इस बैठक में शामिल होंगे. चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में ये मीटिंग होगी. बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा तंज भरे लहजे में कांग्रेस पर दिए गए बयान के बाद इंडिया महागठबंधन के लिए यह मीटिंग महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

बता दें कि हाल ही में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार को फिर से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया. ललन सिंह ने इस्तीफा देते हुए नीतीश कुमार को अध्यक्ष बनाने के लिए बैठक में पेशकश की थी, जिसे सीएम नीतीश कुमार ने स्वीकार कर लिया. वहीं इस बैठक के दौर के बीच जदयू में फूट की लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं.






