समस्तीपुर मंडल: चलती ट्रेन में TTE की दबंगई देखिए किस तरह यात्री को लात-घूंसे से पीट रहा है, वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़े
समस्तीपुर :- जयनगर से लोकमान्य तिलक मुंबई जाने वाली पवन एक्सप्रेस में 2 टीटीई ने ट्रेन में बैठे यात्री से मारपीट कर दी। ट्रेन में ही मौजूद पैसेंजर ने इसका वीडियो बना लिया। जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद टीटीई गौतम कुमार पांडेय और नरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि ट्रेन में एक यात्री बिना टिकट यात्रा कर रहा था। चालान काटने को लेकर यात्री और टीटीई में विवाद बढ़ता गया। पहले दोनों में गाली-गलौज हुई। इसके बाद टीटीई ने मारपीट शुरू कर दी।

ये दोनों टीटीई समस्तीपुर रेल मंडल के जयनगर स्टेशन पर कार्यरत हैं। यह वीडियो समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के ढोली स्टेशन का बताया गया है। डीआरएम आलोक अग्रवाल के निर्देश पर सीनियर डीसीएम चंद्रशेखर प्रसाद ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मामले में जांच के आदेश दिए हैं। ये वीडियो 2 जनवरी का बताया गया है।
![]()
वीडियो में दिख रहा है कि ट्रेन की जनरल बोगी में ऊपर की सीट पर बैठे पैसेंजर से दोनों टीटीई का विवाद हुआ। इसके बाद दोनों ने पहले अपना आई कार्ड निकाला और फिर बैग को सामने वाली सीट पर रखा। इसके बाद टीटीई गौतम कुमार पांडेय और नरेश कुमार ने यात्री से मारपीट शुरू कर दी।
पहले दोनों ने मिलकर ऊपर वाली बर्थ से उसे घसीटकर नीचे गिराया। इसके बाद लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान ट्रेन में मौजूद यात्री टीटीई से छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन वो नहीं माने और उसके साथ मारपीट करते रहे।







