चार बार समस्तीपुर के सांसद रहे अजीत कुमार मेहता का निधन, राजनीतिक और शैक्षणिक जगत में शोक

समस्तीपुर : समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रहे पूर्व सांसद, शिक्षाविद् एवं स्वतंत्रता सेनानी अजीत कुमार मेहता का निधन हो गया। उन्होंने शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे दिल्ली के नोएडा स्थित अपनी बेटी के आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से समस्तीपुर सहित राजनीतिक और शैक्षणिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा। अजीत कुमार मेहता का जन्म 3 फरवरी 1932 को समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर बाला गांव में हुआ था।
उनके पिता राम खेलावन मेहता स्वतंत्रता सेनानी थे। पिता और शिक्षक पलकधारी सिंह से प्रेरित होकर उन्होंने कम उम्र में ही देश की आजादी की लड़ाई में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान वे समाजवादी विचारधारा से जुड़े और जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में गठित आजाद दस्ता के सक्रिय सहयोगी रहे। इस दौरान वे कर्पूरी ठाकुर सहित कई समाजवादी नेताओं के संपर्क में भी आए।


राजनीति में आने से पहले अजीत कुमार मेहता एक कुशल शिक्षाविद् और इंजीनियर के रूप में अपनी पहचान बना चुके थे। उन्होंने पटना साइंस कॉलेज, बिहार इंजीनियरिंग कॉलेज और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा से शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने गंडक परियोजना में तकनीकी सहायक के रूप में कार्य किया। इसके बाद बीआईटी मेसरा में अध्यापन कार्य से जुड़े और प्रोफेसर के पद तक पहुंचे। वर्ष 1992 में वे सेवानिवृत्त हुए।

अजीत कुमार मेहता ने समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र का चार बार प्रतिनिधित्व किया। वे छठी, सातवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं लोकसभा के लिए सांसद निर्वाचित हुए थे। अपने लंबे राजनीतिक सफर में वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, प्रजा सोशलिस्ट पार्टी, संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े रहे। स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और संसदीय राजनीति में लंबे अनुभव के कारण अजीत कुमार मेहता की पहचान एक बहुआयामी व्यक्तित्व के रूप में रही। उनके निधन से समस्तीपुर ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर शिक्षा और राजनीति तक विभिन्न क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




