समस्तीपुर : विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर लौट रही कार ने अधेड़ को मारी ठोकर, ग्रामीणों ने दूल्हा-दुल्हन को उतार उसी कार से पहुंचाया अस्पताल

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर पूसा गांव में शादी की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गयीं, जब विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर लौट रही कार की चपेट में आने से एक अधेड़ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे में गांव के ही सुरेश राय घायल हो गये। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद सुरेश राय सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे और दर्द से कराह रहे थे।
उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने बिना देर किये मदद का निर्णय लिया। सबसे पहले कार में सवार दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित नीचे उतारकर दूसरे स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद उसी कार से घायल सुरेश राय को अनुमंडलीय अस्पताल पूसा ले जाया गया। इस दौरान स्थानीय शिवम कुमार त्रिवेदी के साथ अजय कुमार और रौशन कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।


अस्पताल में डाॅक्टर ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि इस मामले में आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी।





