समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

कोलकाता से समस्तीपुर लौटे स्क्रैप व्यवसायी के घर में बड़ी चोरी, वेंटिलेटर तोड़कर अंदर घुसे थे चोर

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर/मोहिउद्दीननगर : समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर बेड़ी पंचायत के वार्ड संख्या 1 में स्थित एक स्क्रैप व्यवसायी के बंद पड़े घर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपए के सामानों की चोरी कर ली. गृहस्वामी प्रमोद कुमार सिंह उर्फ अनमोल ने इस घटना को लेकर स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. गृहस्वामी के अनुसार, बीते 2 अक्टूबर को घर पर पिता के श्राद्धकर्म के बाद वे घर में ताला बंद कर अपनी व्यावसायिक गतिविधियों के सिलसिले में कोलकाता लौट गए थे.

जब वे शुक्रवार को वापस घर पहुंचे और मुख्य द्वार का ताला खोला, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए. घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और वेंटिलेटर टूटा हुआ मिला. जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े, आवश्यक कागजात और अन्य कीमती सामान गायब हैं. चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब 30 से 40 लाख रुपए बताई जा रही है.

IMG 20261105 WA0012

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के वेंटिलेटर को तोड़ा और बांस की सीढ़ी के सहारे अंदर प्रवेश किया. इसके बाद चोरों ने बारी-बारी से कमरे, स्टोर और अलमारी के ताले तोड़कर जेवरात व अन्य कीमती सामान समेट लिए. घटनास्थल के भीतर एक बांस की सीढ़ी मिलने की भी चर्चा है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात करने पहुंचे थे.

बंद घरों को निशाना बना रहा संगठित गिरोह, बढ़ी चिंता

इस मामले को लेकर उपप्रमुख अमरेश कुमार सिंह, पूर्व मुखिया मनोज कुमार सिंह और स्थानीय वार्ड सदस्यों ने चिंता व्यक्त की है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के कई लोग रोजगार और आजीविका की तलाश में अक्सर गांव से बाहर रहते हैं और चोर उन्हीं बंद पड़े घरों को निशाना बना रहे हैं. इससे पहले गांव में इस तरह की बड़ी चोरी कभी नहीं हुई थी. लोगों ने आशंका जताई है कि किसी संगठित चोर गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया है, जिससे बाहर रह रहे प्रवासियों की चिंता काफी बढ़ गई है.

IMG 20240904 WA0139

पिछली चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा, ग्रामीणों में असुरक्षा

इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है. बताया जा रहा है कि इससे पूर्व थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बस्ती पूरब पंचायत के वार्ड संख्या 4 में फूलमती देवी के घर हुई लाखों की चोरी का भी अब तक कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है. ऐसे में लोगों की नजरें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं.

FB ADD scaled

पुलिस टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जल्द खुलासे का दावा

चोरी की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य व जानकारी जुटाई. पुलिस चोरी के तरीके और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गृहस्वामी से आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले के जल्द उद्वेदन के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150