विद्यापति राजकीय महोत्सव रविवार से, आखिरी वक्त में जागा प्रशासन; सुस्त तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : महाकवि विद्यापति की महानिर्वाण स्थली विद्यापतिधाम स्थित उगना महादेव मंदिर के पार्श्व में रेलवे मैदान पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव का आगाज रविवार से होगा। लेकिन आयोजन की तैयारियों की रफ्तार देखकर सहज ही सवाल उठता है कि क्या प्रशासन को इस महोत्सव की तारीख पहले से मालूम नहीं थी? जिस आयोजन की तैयारी कई दिन पहले पूरी हो जानी चाहिए थी, उसके लिए अब उद्घाटन से ठीक पहले दिन-रात एक करना पड़ रहा है। साफ-सफाई से लेकर मंच और पंडाल की व्यवस्था तक में तेजी आई है। तो कई दौर की बैठकों, समीक्षा और अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद अंतिम समय तक तैयारी अधूरी रहना प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
मीडिया में तैयारियों की सुस्त रफ्तार को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शुक्रवार को प्रशासनिक महकमे की सक्रियता बढ़ी। एसडीओ किशन कुमार दिनभर स्थानीय अधिकारियों और सभी संबंधित कर्मियों के साथ आयोजन स्थल पर डटे रहे। उन्होंने अलग-अलग कार्यों की प्रगति देखी और अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। आयोजन स्थल पर जेसीबी लगाकर साफ-सफाई कराई गई।

नगर परिषद दलसिंहसराय के आधा दर्जन से अधिक कर्मी परिसर को व्यवस्थित करने में जुटे रहे। वहीं, हैंगर पंडाल निर्माण, मंच निर्माण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आयोजन स्थल पर शुक्रवार को सामान गिराया गया है। वहीं काम को द्रुतगति देने की कवायद दिन भर जारी रही। अब स्थिति यह है कि निर्धारित समय पर आयोजन की तैयारी पूरी करने के लिए कर्मियों को लगातार ऐड़ी चोटी एक कर काम करना पड़ रहा है।
बैठकें होती रहीं, जमीन पर क्यों नहीं दिखी तैयारी?
विद्यापति राजकीय महोत्सव कोई अचानक तय हुआ आयोजन नहीं है। इसकी तारीख और रूपरेखा पहले से निर्धारित थी। तैयारियों को लेकर गत सात नवंबर को एसडीओ किशन कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 12 नवंबर को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने स्वयं विद्यापतिधाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था।

उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देते हुए समय पर सभी कार्य पूरे करने को कहा था। इसके बावजूद आयोजन से ठीक पहले तक साफ-सफाई और बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर भागदौड़ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठकें हो रही थीं और जिलाधिकारी स्वयं स्थल का निरीक्षण कर चुके थे, तो फिर काम में इतनी देरी क्यों हुई? क्या संबंधित विभागों ने अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन नहीं किया या फिर निर्देशों के अनुपालन की नियमित मॉनिटरिंग नहीं हुई? स्थानीय पंडा-गोस्वामी समाज के लोगों, प्रबुद्धजनों और श्रोता-दर्शकों ने भी तैयारियों में हुई देरी पर काफी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि विद्यापतिधाम की प्रतिष्ठा से जुड़े इतने महत्वपूर्ण राजकीय आयोजन के लिए अंतिम समय में अफरातफरी की स्थिति नहीं बननी चाहिए थी। समय रहते काम पूरा होता तो प्रशासन को उद्घाटन से ठीक पहले इस तरह की भागदौड़ नहीं करनी पड़ती।

अब समय पर व्यवस्था पूरी करना सबसे बड़ी चुनौती
एसडीओ किशन कुमार की सक्रियता के बाद आयोजन स्थल पर काम की रफ्तार जरूर बढ़ी है, लेकिन अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती उद्घाटन से पहले सभी व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने की है। मैदान की साफ-सफाई, मंच और पंडाल निर्माण, रोशनी, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था तथा आम दर्शकों की सुविधाओं को लेकर अभी काफी कुछ किया जाना है। बताते हैं कि महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इन व्यवस्थाओं में किसी तरह की चूक आयोजन की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

गौरतलब है कि 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से महाकवि विद्यापति की साहित्यिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को याद किया जाएगा। विद्यापतिधाम की पहचान से जुड़े इस राजकीय आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। लेकिन इस उत्साह के बीच तैयारियों में हुई देरी ने एक असहज सवाल भी खड़ा कर दिया है। जिस महोत्सव से मिथिलांचल की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा जुड़ी है, उसकी तैयारी आखिरी वक्त तक अधूरी क्यों रही? अब देखना यह है कि प्रशासन की अंतिम समय की सक्रियता आयोजन को कितनी बेहतर व्यवस्था दे पाती है।

