22 नवंबर को समस्तीपुर मेडिकल कॉलेज में अकादमिक विभागों का होगा उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन स्थित श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल नरघोघी में आगामी 22 नवंबर को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) राकेश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सतीश सुमन ने संयुक्त रूप से मेडिकल कॉलेज परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, उद्घाटन स्थल, अतिथियों के स्वागत की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग स्थल एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।

एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का मेडिकल कॉलेज में आगमन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। अकादमिक विभागों के उद्घाटन से चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी।

वहीं, एसडीपीओ सतीश सुमन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यक्रम को लेकर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। इधर, मेडिकल कॉलेज में अकादमिक विभागों के उद्घाटन को लेकर कॉलेज प्रशासन एवं स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से सरायरंजन सहित आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।



