समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

शहर से सटे मोहनपुर में आलू की बुआई के दौरान जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, मां-बेटे समेत चार जख्मी; एक घायल की हालत गंभीर

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर वार्ड-39 में जमीन विवाद को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। अपनी जमीन पर आलू की बुआई कर रहे एक युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंची मां सहित परिवार के चार लोगों की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गौरव कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह ऋतिक कुमार अपने खेत में आलू की बुआई कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही चार-पांच लोग कथित तौर पर हरवे-हथियार से लैस होकर वहां पहुंच गए। जमीन को लेकर पहले से चल रहे विवाद को लेकर उन लोगों ने ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से खेत में अफरा-तफरी मच गई। बेटे को पिटता देख उसकी मां शैल देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।

IMG 20261105 WA0012

इसी बीच सूचना मिलने पर ऋतिक के रिश्तेदार बिट्टू कुमार और गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने दोनों को भी निशाना बनाते हुए मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उनका उपचार शुरू किया। गौरव कुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया। मामले में पीड़ित शैल देवी ने गांव के ही अशोक राय, संतोष राय, रामभरोस राय, अमन कुमार, तारा देवी, कौशल्या देवी समेत अन्य लोगों पर हमला कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20240904 WA0139

FB ADD scaled

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150