पहले मैच में इतिहास रचने वाले कप्तान वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला दूसरा मौका? जानें क्यों नहीं खेल रहे दूसरा मैच

वैभव सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के अपने पहले मैच में बिहार की कप्तानी कर इतिहास रचा था। वह टी20 क्रिकेट में 15 साल की उम्र में कप्तान बनने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। हालांकि उनका बल्ला उस मैच में नहीं चला था और वह 12 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्का मारकर आउट हो गए थे। उन्होंने पहले मैच में 18 ही रन बनाए थे। आज जब SMAT का राउंड-2 खेला जा रहा है तो एक बार फिर हर किसी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली थी। बिहार का मैच आज रेलवे से है। हालांकि जब दोनों कप्तान मैदान पर उतरे तो हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, उन दोनों ही कप्तानों में वैभव सूर्यवंशी नहीं थे। फैंस को प्लेइंग XI का इंतजार था। प्लेइंग XI के सामने आने के बाद एक बार फिर हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि यहां भी वैभव का नाम नहीं था। ऐसे में कयास लगाए जाने लगे कि क्या एक मैच के फ्लॉप प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को ड्रॉप तो नहीं कर दिया गया?
वैभव सूर्यवंशी क्यों नहीं खेल रहे आज का मैच?
वैभव सूर्यवंशी गुरुवार, 19 नवंबर से ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत A का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं, और वह आगामी टूर्नामेंट के लिए भारत A टीम से जुड़ गए हैं, यही कारण है कि वह सोमवार को चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी में सूरज कश्यप टीम की कमान संभाल रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी 20 नवंबर को नजर आएंगे एक्शन में
राइजिंग एशिया कप 2026 का आगाज भी 19 नवंबर से ही होने जा रहा है। हालांकि भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 20 नवंबर से नेपाल के खिलाफ पहला मैच खेलकर करेगी। इस टूर्नामेंट के लिए चुनी गई इंडिया ए टीम की कमान तिलक वर्मा संभालेंगे। उनके साथ इस टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, प्रभसिमरन सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव जैसे स्टार टी20 प्लेयर धमाल मचाते हुए नजर आएंगे। भारत का ग्रुप स्टेज का दूसरा मैच पाकिस्तान के खिलाफ 22 नवंबर को है। इस मुकाबले का हर कोई इंतजार कर रहा है।

राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ए की टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह [विकेट कीपर], तिलक वर्मा [कप्तान], रिंकू सिंह [वीसी], कुमार कुशाग्र [विकेट कीपर], सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुश कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान, आयुष बडोनी
इंडिया ए का शेड्यूल
20 नवंबर- इंडिया वर्सेस नेपाल
22 नवंबर- इंडिया वर्सेस पाकिस्तान
24 नवंबर- इंडिया वर्सेस यूएई

बिहार (प्लेइंग XI): आलोक कुमार, तरुण कुमार, पृथ्वी राज, रघुवेंद्र प्रताप सिंह, अल्तमश अशरफ, आयुष लोहारुका (विकेट कीपर), सूरज कश्यप (कप्तान), मयंक कुमार, मोहम्मद सलाहुद्दीन इज़हार, प्रशांत सिंह, हिमांशु सिंह
बिहार स्क्वाड: आलोक कुमार, वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आयुष लोहारुका, अल्तमश अशरफ (विकेट कीपर), रघुवेंद्र प्रताप सिंह, पृथ्वी राज, सूरज कश्यप, मयंक कुमार, प्रशांत सिंह, मोहम्मद सलाहुद्दीन इज़हार, हिमांशु सिंह, आशीष कुमार, आमोद यादव, नवाज खान, वासुदेव प्रसाद सिंह, अनमोल कुमार, तरुण कुमार, आलिया कमरा


