BRB कॉलेज कैंपस में छठ घाट पर रील्स वीडियो बनाने के दौरान डूबा किशोर, करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच शहर के बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट पर शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। जिस पोखर के किनारे छठी मइया की आराधना की तैयारियां चल रही थीं, उसी पोखर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर गोलू कुमार की मौत हो गई। बेटे को सकुशल वापस पाने की आस में मां की हर गुहार आखिरकार बेअसर रह गई। जिस आंचल में उसने अपने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया था, उसी आंचल को फैलाकर वह छठी मइया से अपने लाल की जिंदगी मांगती रही। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईधारा मोहल्ला, वार्ड संख्या-40 निवासी रामू दास के पुत्र गोलू कुमार (16) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार को गोलू बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट के तालाब में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। मां की नजरें लगातार तालाब की ओर टिकी थीं और मन में बस एक ही उम्मीद थी कि उसका बेटा किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल किशोर की तलाश शुरू की। बाद में गोताखोरों को भी बुलाया गया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। मोटर बोट की मदद से करीब पांच घंटे तक तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में बाइक से ही गोलू को शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

मां की पुकार ने सबकी आंखें कर दीं नम :
घटनास्थल पर मौजूद सबसे मार्मिक दृश्य गोलू की मां का था। बेटे की सलामती के लिए वह बार-बार छठी मइया का बार-बार नाम लेकर आंचल फैलाकर गुहार लगा रही थी। वह कहती रही कि उसका बेटा सकुशल मिल जाए तो वह भीख मांगकर सूप चढ़ाएगी। बिलखते मां की इस करुण पुकार को सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हर कोई उसकी बेबसी देखकर भावुक था। लेकिन जब गोताखोरों ने गोलू का शव बाहर निकाला तो मां अपने कलेजे के टुकड़े को इस हालत में देखकर बेहोश हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
"हे छठी माई, हम्मर बेटा के लौटा द", आंचल फैलाकर रोती-बिलखती रही बेबस मां
करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे का शव BRB कॉलेज कैंपस स्थित पोखर से निकाला गया, समस्तीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
छठ घाट बनाने के दौरान Reels Video शूट करने के… pic.twitter.com/eNEHEcckf8
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 13, 2026
कर्ज लेकर दिलाया था महंगा मोबाइल, रील्स बनाने में गयी जान :
बताया गया कि गोलू को रील्स वीडियो बनाने का काफी शौक था। इसी शौक को पूरा करने के लिए उसकी मां ने कुछ दिन पहले ही कर्ज लेकर उसे महंगा मोबाइल फोन दिलाया था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटे की छोटी-छोटी खुशियों से घर में रौनक बनी रहेगी, लेकिन किसे पता था कि वही मोबाइल और रील्स बनाने का शौक इस परिवार की जिंदगी में कभी न भरने वाला दुख छोड़ जाएगा। बताया जा रहा है कि रील्स वीडियो बनाने के दौरान ही वह छठ घाट के तालाब में डूब गया। इधर, मुफस्सिल थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। महापर्व छठ से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।



