समस्तीपुर के छठ घाटों पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, खतरनाक स्थलों पर होगी बैरिकेडिंग; DM ने शहर के विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण

समस्तीपुर : छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए सोमवार को डीएम रोशन कुशवाहा ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथ, रोशनी, पेयजल, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर दुरुस्त करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 9, 2026
उन्होंने घाटों पर खतरनाक एवं अधिक गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों और आपदा मित्रों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी पूरी तरह तैयार और सतर्क रहने का निर्देश दिया। डीएम ने घाटों एवं आसपास के इलाकों में नियमित सफाई कराने, पहुंच पथ को दुरुस्त करने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा।

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा घाटों पर नियंत्रण कक्ष, सूचना एवं चेतावनी संकेतक लगाने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और नियमित रूप से घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। निरीक्षण के दौरान मेयर अनीता राम, एडीएम ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, सदर एसडीओ राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं एसडीआरएफ के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।




