छठ पर्व से पहले निर्माणाधीन पोखर और घाट का डीएम ने लिया जायजा; समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश

समस्तीपुर : आगामी छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को डीएम रोशन कुशवाहा और डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने सरायरंजन प्रखंड की खजूरी पंचायत में निर्माणाधीन पोखर एवं छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने छठ पर्व से पहले सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया।
छठ पर्व से पहले निर्माणाधीन पोखर और घाट का समस्तीपुर डीएम ने लिया जायजा; समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश, साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर#Samastipur #Sarairanjan #DistrictAdministration @DM_Samastipur pic.twitter.com/SXrlkuSoDp
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 2, 2026
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं। डीएम ने कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई करने और सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

वहीं, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया।जिला प्रशासन की ओर से छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।




