समस्तीपुर में 1 से 6 नवंबर तक होगी राज्य स्तरीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता, SDO ने खेल भवन का किया निरीक्षण

समस्तीपुर : जिले में 1 से 6 नवंबर तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुधवार को सदर एसडीओ राकेश कुमार ने आरएसबी इंटर विद्यालय परिसर स्थित खेल भवन एवं व्यायामशाला का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। वार्षिक विद्यालय खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वावधान में किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि प्रतियोगिता में शामिल होने वाली खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। एसडीओ ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों के ठहरने और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से बालिकाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन और खेल विभाग के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।




