गंगा की स्वच्छता को लेकर समस्तीपुर वीमेंस कॉलेज की छात्राओं ने दिया जागरूकता का संदेश

समस्तीपुर : स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला गंगा समिति और जिला प्रशासन की ओर से गुरूवार को वीमेंस कॉलेज समस्तीपुर में ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चित्रकला, क्विज, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने नदियों की स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन वीमेंस कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. राजेश कुमार रंजन, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी, डॉ. सोनी सलोनी, डॉ. विजय कुमार गुप्ता, डॉ. रेखा कुमारी, डॉ. शहनाज आरा, डॉ. संगीता, डॉ. रंजन कुमार, डॉ. कविता और जिला परियोजना पदाधिकारी नीरजेश कुमार ने किया।
इस दौरान छात्राओं ने चित्रकला, स्लोगन और निबंध के जरिए गंगा सहित अन्य नदियों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। जिला परियोजना पदाधिकारी ने छात्राओं से क्विज के माध्यम से गंगा नदी, स्वच्छता ही सेवा अभियान तथा नदियों की स्वच्छता से जुड़े सवाल पूछे। क्विज में शिवानी कुमारी ने प्रथम, खुशी ने द्वितीय और मारफा फातिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतियोगिताओं के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को दो अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा।


कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में काॅलेज की सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक तथा विशेष स्वच्छता अभियान दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।




