समस्तीपुर : नशा मुक्ति जागरूकता अभियान में युवाओं ने ली नशा नहीं करने की शपथ, माय भारत के अभियान में युवक-युवतियों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प

समस्तीपुर : मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में रविवार को सक्सेस मिशन क्लब, काशीपुर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान युवा एवं युवतियों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। जिला युवा अधिकारी भावना गोयल ने कहा कि मादक पदार्थ, तंबाकू, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ शरीर के लिए बेहद हानिकारक हैं। इनके सेवन से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। नमामि गंगे के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नीरजेश कुमार ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से युवाओं को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास से ही नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।


इस दौरान स्लोगन लेखन और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने नशा नहीं करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम का संचालन सक्सेस मिशन क्लब के संस्थापक सदस्य विकास कुमार और रामविनय कुमार ने किया। अभियान में माय भारत के स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में क्लब के युवक-युवतियों ने भाग लिया।




