BJP के कल्याणपुर दक्षिणी व पश्चिमी मंडल में नए अध्यक्ष नियुक्त; पार्टी विरोधी गतिविधियों व संगठनात्मक कार्यों में लापरवाही की शिकायतों के बीच बदलाव

समस्तीपुर : भाजपा के संगठनात्मक जिला समस्तीपुर उत्तरी के अंतर्गत कल्याणपुर दक्षिणी एवं कल्याणपुर पश्चिमी मंडल में नए मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी एवं संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया के निर्देश पर जिलाध्यक्ष नीलम सहनी ने कल्याणपुर दक्षिणी मंडल की जिम्मेदारी राजन कुमार सिंह तथा कल्याणपुर पश्चिमी मंडल की जिम्मेदारी दीपक कुमार गुप्ता को सौंपी है।
जिलाध्यक्ष नीलम सहनी ने बताया कि पूर्व मंडल अध्यक्ष विजयशंकर ठाकुर, ओमप्रकाश कुशवाहा समेत अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ पिछले करीब एक वर्ष से पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि विगत विधानसभा चुनाव के दौरान गठबंधन धर्म के विपरीत सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार किया गया और एनडीए प्रत्याशी के विरोध में वोट मांगे गए। साथ ही केंद्रीय एवं जिला नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की शिकायत भी पार्टी नेतृत्व को मिली थी।


जिलाध्यक्ष के अनुसार, चुनाव के बाद भी सोशल मीडिया पर पार्टी की मर्यादा के विपरीत टिप्पणियां करने के साथ संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही की शिकायतें सामने आईं। इनमें मंडल प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन नहीं करना और सरल ऐप पर कार्यक्रमों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग नहीं करना शामिल है। उन्होंने कहा है कि संबंधित पदाधिकारियों को कई बार समझाने और मार्गदर्शन देने के साथ आचरण में सुधार का अवसर भी दिया गया था। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर प्रदेश नेतृत्व स्तर पर उनके आचरण और संगठनात्मक अनुशासन को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा था।

इसी बीच संबंधित पदाधिकारियों ने कार्रवाई से पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी ने उनके द्वारा नेतृत्व पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। भाजपा जिलाध्यक्ष नीलम सहनी ने कहा कि संगठनात्मक अनुशासन, गठबंधन धर्म और पार्टी की मर्यादा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों से संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई गई है।



