उर्वरक की कालाबाजारी के खिलाफ समस्तीपुर कलेक्ट्रेट के पास किसानों का प्रदर्शन

समस्तीपुर : उर्वरक की कालाबाजारी, जबरन टैगिंग और मोबाइल ऐप से बिक्री के विरोध में खेती बचाओ संघर्ष समिति से जुड़े किसान नेताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। जिला संयोजक सह जिला सहकारिता बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान विनोद कुमार राय ने कहा कि जिले में यूरिया और डीएपी के साथ गैर सब्सिडी वाले उत्पादों की जबरन टैगिंग की जा रही है। मोबाइल ऐप से उर्वरक बिक्री और निर्धारित मात्रा में खाद दिए जाने से किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर किसानों को प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ा।


समिति ने मोबाइल ऐप से उर्वरक बिक्री की व्यवस्था समाप्त करने, निर्धारित मात्रा की बंदिश हटाकर किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने, कालाबाजारी व अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने, यूरिया-डीएपी के साथ जबरन टैगिंग बंद करने तथा रबी फसल को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में यूरिया व डीएपी उपलब्ध कराने की मांग की।
विनोद कुमार राय ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं होने पर किसान बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में रामचंद्र महतो, रामाश्रय महतो, सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना, प्रो. उमेश कुमार, मनोज कुमार सुनील, राजेश्वर महतो, गिरधारी महतो, डोमन राय, राकेश कुमार ठाकुर, महावीर पोद्दार, शंभूनाथ राय, विश्वनाथ सिंह, कोमल राय, रामेश्वर महतो, ललन कुमार, नंद किशोर राय, भोला राय, राम पुकार पासवान, मो. शाहिद हुसैन, मो. अकबर अली, सुधीर देव, राघवेंद्र यादव, मो. आफताब अली, अनिल साह, अमित कुमार महतो, अवधेश मिश्र, सत्येंद्र यादव सहित सैकड़ों किसान नेता शामिल हुए।




