115 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में लिया भाग, विजेताओं को मिली ट्रॉफी व मेडल
समस्तीपुर/सरायरंजन : सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय नौआचक सह उच्च मध्य विद्यालय नौआचक के प्रांगण में कक्षा छह से 12वीं तक की छात्राओं के बीच निबंध-लेखन, पेंटिंग एवं स्पेलिंग बी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 115 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के तीनों विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, सभी प्रतिभागियों के बीच भी पुरस्कार का वितरण किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंदन कुमार झा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पठन-पाठन के प्रति रुचि बढ़ाना तथा नवाचार को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास का विकास होता है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षक शंभू कुमार, कुंदन कुमार झा, पुष्पेंद्र कुमार, उज्ज्वल कुमार रौशन, श्याम कुमार, मनीष कुमार राम, आयुषी कुमारी, अंजली रानी, साहिल कुमार, शंभू राय सहित अन्य शिक्षकों ने योगदान दिया।


