विभूतिपुर में बदमाशों ने युवक को मारी ताबड़तोड़ गोली, नाजुक स्थिति में रेफर

समस्तीपुर/विभूतिपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी बांध पर बुधवार की देर शाम दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब आधा दर्जन राउंड हुई गोलीबारी में युवक को तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों और परिजनों ने विभूतिपुर सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बेगूसराय रवाना हो गए।
घायल की पहचान महथी गांव निवासी संजय कुमार सिंह के पुत्र आदित्य वत्स उर्फ नवनीत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आदित्य बुधवार शाम घरेलू सामान लेने महथी बांध की ओर गया था। इसी दौरान दो बाइक से पहुंचे पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से आदित्य वहीं गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पीठ, कमर और पैर में गोली लगी है।


गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को विभूतिपुर सीएचसी पहुंचाया गया। घटना के बाद दोनों बाइक पर सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद महथी बांध और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
घरेलू सामान लाने गए युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को तीन गोलियां लगीं, दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने बरसाईं आधा दर्जन गोलियां, जख्मी हालत में इलाजरत
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी बांध पर बुधवार की देर शाम कतिपय हथियारबंद बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम… pic.twitter.com/fa0qDPRCLm
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 26, 2026
पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई। बदमाश किस दिशा से आए और घटना के बाद किस रास्ते से फरार हुए, इसकी भी जानकारी ली जा रही है।पुलिस युवक को निशाना बनाए जाने के कारणों की भी जांच कर रही है। पुराना विवाद, आपसी रंजिश या किसी अन्य कारण से हमला किए जाने की आशंका को ध्यान में रखकर पुलिस छानबीन कर रही है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।





