छात्रा से यौन शोषण के आरोप में योग शिक्षक पर विभागीय जांच शुरू, समस्तीपुर DEO ने DPO को सौंपी जांच की जिम्मेदारी

समस्तीपुर : बीएड छात्रा को झांसे में लेकर यौन शोषण करने और उसके चार माह की गर्भवती होने के आरोप में मध्य विद्यालय शाहपुर बसौना में कार्यरत योग शिक्षक चंदन कुमार के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश जारी किए हैं। बताया गया है कि मामले को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने कार्रवाई की। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पत्र संख्या 1653 के माध्यम से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन योजना), समस्तीपुर को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यालय को प्राप्त पेपर कटिंग में शिक्षक पर लगाए गए आरोपों का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की गहनता से जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। परिजनों के अनुसार, योग शिक्षक चंदन कुमार योगाश्रम का संचालन भी करते हैं। आरोप है कि सिंघियाघाट में आयोजित एक योग शिविर के दौरान बीएड की पढ़ाई कर रही छात्रा से उनकी नजदीकी बढ़ी। इसके बाद शिक्षक ने छात्रा को कथित रूप से झांसे में लेकर उसका लगातार यौन शोषण किया।


मामला तब सामने आया जब छात्रा के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ। परिजन उसे इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले गए। जांच और अल्ट्रासाउंड के दौरान छात्रा के चार माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों के बीच हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा की मां ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राथमिकी में शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आवेदन में पटना के एक होटल से जुड़ा एक आरोप भी लगाया गया है, जिसमें आरोपी की पत्नी द्वारा पीड़िता को कथित तौर पर विश्वास में लेकर पति के पास भेजे जाने की बात कही गई है। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद प्रतिवेदन के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।




