दिवंगत पत्तीलाल के परिवार को राजू सहनी ने दी मदद, घरेलू एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी
समस्तीपुर/उजियारपुर : उजियारपुर प्रखंड के रामचंद्रपुर अंधैल पंचायत के वार्ड संख्या-9 में एक गरीब परिवार के दुख की घड़ी में समाजसेवी राजू सहनी ने मदद का हाथ बढ़ाकर इंसानियत की मिसाल पेश की। पंचायत निवासी पत्तीलाल सहनी का लंबी बीमारी के बाद 3 अगस्त को निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में शोक के साथ आर्थिक संकट भी गहरा गया।
बताया गया कि पत्तीलाल सहनी का कोई पुत्र नहीं था। उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। ऐसे में उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी बेटी रुक्मिणी कुमारी और दामाद उमेश सहनी के कंधों पर आ गई। परिजनों ने किसी तरह अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। परिवार की आर्थिक परेशानी की जानकारी स्थानीय निवासी महेश सहनी को मिली। उन्होंने इसकी सूचना समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय राजू सहनी को दी।
जानकारी मिलते ही राजू सहनी ने शोकाकुल परिवार से संपर्क किया और उनकी जरूरत को देखते हुए घरेलू एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। मदद मिलने पर परिवार के सदस्यों ने राजू सहनी के प्रति आभार जताया। परिजनों ने कहा कि अपने प्रियजन को खोने के दुख और आर्थिक परेशानी के बीच मिली इस सहायता से उन्हें काफी राहत मिली है। मौके पर पूर्व मुखिया उमेश प्रसाद सहनी, महेश सहनी, विजय सहनी, देवेंद्र सहनी, मुकेश कुमार सहनी, दीपक सहनी, शंकल सहनी और बांबी कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने राजू सहनी के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवार के दुख में उसके साथ खड़ा होना ही सच्ची इंसानियत है।


