गुरूवार, अगस्त 6, 2026
Latest:

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित सपना हॉस्पिटल सील, शहर से लेकर गांव तक कुकुरमुत्ते की तरह संचालित है सैकड़ों अवैध नर्सिंग होम; अन्य पर कब होगी कार्रवाई ?

IMG 20260212 WA0118

समस्तीपुर : कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर चौक स्थित सपना हॉस्पिटल पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई। जांच में अस्पताल का संचालन बिना आवश्यक मान्यता और सरकारी मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन से संचालन संबंधी आवश्यक दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन एवं अन्य वैध कागजातों की मांग की गई, लेकिन कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जांच टीम की रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि अस्पताल में न तो योग्य डॉक्टर और न ही प्रशिक्षित पैरामेडिकल कर्मी उपलब्ध थे।

इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से संबंधित अनिवार्य प्रमाणपत्र भी नहीं मिला। उपलब्ध सरकारी पत्राचार के अनुसार, अस्पताल से कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा जांच कर रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजी गई, जिसमें अस्पताल को अवैध रूप से संचालित होने तथा जैव चिकित्सा अपशिष्ट (प्रबंधन) नियम, 2016 समेत अन्य सरकारी मानकों के उल्लंघन का दोषी बताया गया। रिपोर्ट के आधार पर बुधवार को अस्पताल को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की गई। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान औषधि निरीक्षक शंभू कुमार ठाकुर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.के. ठाकुर, कल्याणपुर थाना के एसआई गुड्डू कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

HOLY MISSION High School 20x10 1

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

जिले में कुकुरमुत्ते की तरह संचालित है अवैध नर्सिंग होम :

सपना हॉस्पिटल को सील किए जाने की कार्रवाई के बाद अब जिले में वर्षों से अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई ने यह उम्मीद जरूर जगाई है कि अब अन्य अवैध संस्थानों पर भी सख्ती होगी, लेकिन लोगों का कहना है कि यदि यह अभियान लगातार नहीं चला तो इसका असर सीमित ही रह जाएगा। जानकारों के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुकुरमुत्ते की तरह सैकड़ों नर्सिंग होम व क्लीनिक संचालित हैं, जिनके संचालन को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।

इनमें से कई संस्थानों के पास आवश्यक रजिस्ट्रेशन, प्रशिक्षित चिकित्सक, मानक के अनुरूप संसाधन और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें मिलती रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे संस्थानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाता है, लेकिन अधिकांश मामलों में कार्रवाई नोटिस तक ही सीमित रह जाती है। कई संस्थान नोटिस मिलने के बाद भी पहले की तरह संचालित होते रहते हैं, जिससे विभागीय कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठते हैं।

IMG 20250821 WA0010

जिला मुख्यालय से लेकर गांव तक फैला है अवैध नर्सिंग होम का नेटवर्क :

जिला मुख्यालय के अलावा विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों व गांव के चौक-चौराहों पर अवैध नर्सिंग होम संचालित हो रहे हैं। कई नर्सिंग होम के आगे एमबीबीएस डॉक्टर के बोर्ड लगा दी जाती है। लेकिन वहां इलाज झोलाछाप डॉक्टर ही करते हैं। हद तो तब पार कर जाती है जब कई झोलाछाप डॉक्टर अपने नर्सिंग होम के आगे संबंधित विभाग के विशेषज्ञ का बोर्ड लगा देते हैं। अवैध नर्सिंग होम संचालक के नेटवर्क में आशा, ममता एवं एंबुलेंस चालक के अलावा स्थानीय स्तर पर सक्रिय बिचौलियों का गिरोह भी स्वास्थ्य संस्थानों के परिसर व आसपास सक्रिय रहते हैं।

IMG 20240904 WA0139

बयान :

स्वास्थ्य विभाग जिले में बिना मान्यता एवं सरकारी मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। कल्याणपुर स्थित सपना हॉस्पिटल जांच में आवश्यक मानकों पर खरा नहीं उतरा, जिसके बाद नियमानुसार उसे सील किया गया है।

डॉ. राजीव कुमार, सिविल सर्जन, समस्तीपुर

FB ADD scaled

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150